Nag Panchami: सावन के तीसरे सोमवार घर में न चढ़ाएं तवा, राहु-केतु जीवन में लगा देंगे ग्रहण!

0
99
Nag Panchami: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन नाग देवता का स्मरण, मंत्र जाप, स्तोत्र पाठ और जरूरतमंदों को दान करके भी पुण्य प्राप्त किया जा सकता है।
Nag Panchami: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन नाग देवता का स्मरण, मंत्र जाप, स्तोत्र पाठ और जरूरतमंदों को दान करके भी पुण्य प्राप्त किया जा सकता है।

कल मनाई जाएगी नाग पंचमी
Nag Panchami, (आज समाज), नई दिल्ली: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के लिए सबसे खास माना जाता है और इसी दौरान आने वाली नाग पंचमी का भी विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन नाग देवता की विशेष रूप से पूजा की जाती है। इस साल नाग पंचमी 17 अगस्त, सोमवार को मनाई जाएगी। खास बात यह है कि इस बार नाग पंचमी और सावन का तीसरा सोमवार एक ही दिन पड़ रहा है।

नाग पंचमी को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह की परंपराएं देखने को मिलती हैं। इन्हीं में से एक परंपरा रसोई में इस्तेमाल होने वाले तवे और कढ़ाई से जुड़ी है। कई घरों में नाग पंचमी के दिन लोहे के तवे को चूल्हे पर रखने से परहेज किया जाता है और रोटी बनाने की बजाय पहले से तैयार भोजन खाने की परंपरा है। लेकिन इसके पीछे क्या वजह बताई जाती है और इसका तवा-कढ़ाई का नाग पंचमी से क्या कनेक्शन है? आइए जानते हैं।

तवे को राहु से क्यों जोड़ा जाता है?

ज्योतिषीय मान्यताओं में लोहे के तवे का संबंध राहु से माना गया है। वहीं, रसोई की आग को मंगल ग्रह से जोड़कर देखा जाता है। ऐसी मान्यता है कि नाग पंचमी के दिन लोहे के तवे या कढ़ाई को तेज आग पर चढ़ाने से बचना चाहिए। यही वजह है कि कुछ परिवार इस दिन तवे पर रोटी बनाने या लोहे की कढ़ाई में खाना पकाने से दूरी रखते हैं।

दरअसल, ज्योतिषीय परंपरा में राहु का संबंध सर्प से भी जोड़ा जाता है। नाग पंचमी नाग देवता की पूजा का पर्व है, इसलिए इस दिन राहु से संबंधित माने जाने वाले लोहे के बर्तनों को गर्म न करने की मान्यता है। माना जाता है कि ऐसा करने से घर में नकारात्मकता, तनाव या विवाद जैसी स्थितियां बढ़ सकती हैं।

नाग पंचमी के दिन रोटी क्यों नहीं बनानी चाहिए?

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, नाग पंचमी के दिन तवे पर रोटी बनाना शुभ नहीं माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि तवे को नाग देवता के फन और राहु ग्रह का प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि इस दिन तवे का इस्तेमाल करने से नाग देवता का अनादर होता है और राहु के बुरे प्रभाव बढ़ सकते हैं।

  • नाग फन का प्रतीक: गोल और चपटा तवा सर्प के फन का प्रतिरूप माना जाता है।
  • राहु का संबंध: ज्योतिष में लोहे के तवे को राहु ग्रह का प्रतीक माना गया है।
  • नकारात्मक प्रभाव: इस दिन तवे के इस्तेमाल से नकारात्मक प्रभाव और कष्ट आ सकते हैं।
  • जीवों का सम्मान: इस दिन धारदार वस्तुएं (चाकू, सुई) और लोहे के बर्तनों के प्रयोग से बचने की परंपरा है।
  • इस दिन क्या बनाएं: इस दिन रोटी की जगह पूरी, कचौड़ी, पुए या खीर-तलाई जैसी चीजें बनाई जाती हैं।

राहु-केतु और कालसर्प दोष से संबंध

धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं में नाग पंचमी को राहु-केतु तथा कालसर्प दोष से भी जोड़ा जाता है। नाग देवता की पूजा के जरिए इनसे जुड़े अशुभ प्रभावों को कम करने की प्रार्थना की जाती है। इसी वजह से नाग पंचमी के दिन कुछ लोग विशेष सावधानियां बरतते हैं और लोहे के तवे-कढ़ाई को आग पर न चढ़ाने की परंपरा का पालन करते हैं।

इस दिन क्या कर सकते हैं?

अगर घर में इस परंपरा का पालन किया जाता है तो नाग पंचमी के दिन भोजन पहले से तैयार किया जा सकता है। कुछ धार्मिक मान्यताओं में मिट्टी, तांबे या पीतल के बर्तनों के इस्तेमाल का भी वर्णन मिलता है। इसके अलावा चांदी या तांबे से बने नाग-नागिन के जोड़े का दान करना भी शुभ माना गया है।

इन मंत्रों का करें जाप

  • ॐ नागराजाय नम:

नाग पंचमी के दिन ॐ नागराजाय नम: मंत्र का जाप किया जा सकता है। मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और मन में मौजूद सर्प भय दूर होता है।

  • ॐ नागाय नम:

ये नाग देवता का सामान्य मंत्र माना जाता है. नाग पंचमी पर पूजा के दौरान ॐ नागाय नम: का जाप करने की परंपरा है। श्रद्धा के साथ इस मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है।

  • नाग गायत्री मंत्र

नाग देवता की पूजा में नाग गायत्री मंत्र का भी जाप किया जाता है, जो कि ॐ भुजंगेशाय विद्महे, सर्पराजाय धीमहि, तन्नो नाग: प्रचोदयात् है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, नाग पंचमी पर इस मंत्र का जाप करने से नाग देवता की कृपा प्राप्त होती है।

  • सर्प नमस्कार मंत्र

नाग पंचमी पर सर्पों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सर्प नमस्कार मंत्र का जाप भी किया जाता है, जो कि ॐ नमोस्तु सर्पेभ्यो ये के च पृथ्वीमनु, ये अन्तरिक्षे ये दिवि तेभ्य: सर्पेभ्यो नम: है। इस मंत्र के जरिए धरती, आकाश और अंतरिक्ष में मौजूद सभी सर्पों को नमन किया जाता है।

नाग पंचमी शुभ मुहूर्त

इस साल पंचमी तिथि 16 अगस्त की शाम 04:52 बजे शुरू होगी और 17 अगस्त की शाम 05:00 बजे समाप्त होगी। नाग पंचमी की पूजा के लिए शुभ समय सुबह 05:51 बजे से 08:29 बजे तक है। यानी पूजा के लिए कुल अवधि करीब 2 घंटे 37 मिनट रहेगी। इस बार नाग पंचमी पर सावन का तीसरा सोमवार भी पड़ रहा है। ऐसे में नाग देवता के साथ भगवान शिव की पूजा का भी विशेष महत्व माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: शिवलिंग पर जल में मिलाकर चढ़ाएं ये चीजें, नवग्रह दोष से मिलेंगी मुक्ति

  • TAGS
  • [post_tags]