
19 मार्च से शुरू हो रहा नवरात्रि का पर्व
Chaitra Navratri, (आज समाज), नई दिल्ली: चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ इस साल 19 मार्च 2026 से होने जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस शक्ति उपासना के पर्व में भक्त अपने घरों में माता रानी की चौकी स्थापित करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर चौकी स्थापना में दिशा या नियमों की चूक हो जाए, तो पूजा का पूरा फल नहीं मिलता है। शास्त्रों और वास्तु विज्ञान में मां दुर्गा की चौकी स्थापित करने के कुछ विशेष नियम बताए गए हैं। आइए जानते हैं वे कौन सी गलतियां हैं जिनसे आपको बचना चाहिए।
सही दिशा का चयन है सबसे जरूरी
नवरात्रि में मां की चौकी लगाते समय सबसे महत्वपूर्ण बात दिशा का ध्यान रखना है। शास्त्रों और वास्तु शास्त्र के अनुसार, माता की चौकी हमेशा ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में ही स्थापित करनी चाहिए। इस दिशा को देवताओं का स्थान माना जाता है और यहां पूजा करने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है। गलत दिशा में चौकी रखने से पूजा का प्रभाव कम हो सकता है।
एक साथ तीन मूर्तियां रखना माना गया अशुभ!
अक्सर लोग भक्ति में ज्यादा मूर्तियां या तस्वीरें रख देते हैं, लेकिन शास्त्रों के अनुसार ऐसा करना उचित नहीं है। मां दुर्गा की तीन मूर्तियां या चित्र एक साथ रखना अशुभ माना गया है। आप अधिकतम दो मूर्तियां या चित्र ही स्थापित करें, इससे पूजा शास्त्र सम्मत मानी जाती है।
काले रंग की चीजों का प्रयोग न करें?
नवरात्रि में पूजा के दौरान काले रंग का विशेष रूप से परहेज करना चाहिए। पूजा करते समय काले रंग के कपड़े पहनना या पूजा स्थल पर काला कपड़ा बिछाना अशुभ माना जाता है। इसके बजाय लाल, पीला या अन्य शुभ रंगों का उपयोग करें, जो सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं। क्योंकि काले रंग का पूजा के कामों के लिए शुभ नहीं माना जाता है।
कलश स्थापना का सही स्थान
नवरात्रि में कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है। ध्यान रखें कि कलश को हमेशा मां दुर्गा की मूर्ति या तस्वीर के दाईं ओर स्थापित करना चाहिए। इसे गलत स्थान पर रखने से पूजा की पूर्णता प्रभावित हो सकती है। इस दौरान विधि-विधान से पूजा करने और नियमों का पालन करने से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

