‘ॐ नम: शिवाय’ मंत्र के जप की सही विधि और संख्या जानें
Sawan Shiv Puja, (आज समाज), नई दिल्ली: भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए किसी तामझाम की जरूरत नहीं है, वे तो केवल सच्ची श्रद्धा और भाव के भूखे हैं। शिव पुराण के अनुसार, ॐ नम: शिवाय केवल एक मंत्र नहीं, बल्कि ब्रह्मांड की संपूर्ण सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र है।
इसे पंचाक्षरी मंत्र भी कहा जाता है, जो हमारे शरीर और ब्रह्मांड के पांच तत्वों (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश) को संतुलित करता है। आइए जानते हैं कि इस मंत्र का जाप आपको कैसे और कितनी बार करना चाहिए।
जप की संख्या का क्या है गणित?
- रोजाना कम से कम 108 बार (एक माला) जप करें। इससे मानसिक तनाव कम होता है और घर में पॉजिटिविटी आती है।
- अगर आप अपनी कोई विशेष इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो सवा लाख (1,25,000) बार मंत्र जाप का संकल्प लें। इसे आप 21, 41 या 51 दिनों में अपनी सुविधा अनुसार पूरा कर सकते हैं।
- अगर मन अशांत है या किसी अनहोनी का डर सता रहा है, तो 1008 बार जाप करने से तुरंत राहत और अद्भुत साहस मिलता है।
जप की सही विधि और समय
- सबसे अच्छा समय ब्रह्म मुहूर्त (सुबह 4 से 6 बजे) है। अगर सुबह संभव न हो, तो शाम को प्रदोष काल में जप करें।
- कभी भी सीधे जमीन पर बैठकर जप न करें। कुशा या ऊनी आसन का प्रयोग करें।
- शिव जी के अंश रुद्राक्ष की माला से किया गया जप सबसे प्रभावशाली माना जाता है।
- जप करते समय अपना चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखें।
इस महामंत्र के 3 सबसे बड़े लाभ
- अगर आपकी कुंडली में शनि भारी है या चंद्रमा कमजोर है, तो यह मंत्र आपके लिए रामबाण है। यह ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव को कम करता है।
- यह मंत्र शरीर के भीतर की हीलिंग पावर को बढ़ाता है और मन से अकाल मृत्यु जैसे डर को खत्म कर देता है।
- इसके निरंतर जाप से एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे आॅफिस और बिजनेस की बाधाएं दूर होने लगती हैं।
क्या कहते हैं शास्त्र?
इस मंत्र की महिमा और इसके नियमों का सबसे विस्तृत वर्णन ‘शिव पुराण’ के विद्येश्वर संहिता में मिलता है। इसके अलावा ‘लिंग पुराण’ और ‘स्कंद पुराण’ में भी बताया गया है कि ‘ॐ नम: शिवाय‘ का निरंतर जप करने से मनुष्य को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
ये भी पढ़ें: सावन के पहले सोमवार पर राशिनुसार शिवलिंग पर अर्पित करें ये चीजें, कट जाएंगे सारे पाप और दुख!


