Kanwar Yatra 2026: पहली बार लाने वाले हैं कांवड़? जरूर करें इन नियमों का पालन

0
129
Kanwar Yatra 2026: सनातन धर्म में सावन माह भगवान शिव की भक्ति को समर्पित है।
Kanwar Yatra 2026: सनातन धर्म में सावन माह भगवान शिव की भक्ति को समर्पित है।

भक्त कांवड़ में पवित्र नदी गंगा का जल लाकर महादेव का करते हैं जलाभिषेक
Kanwar Yatra 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: सनातन धर्म में सावन का महीना बहुत ही पावन माना गया है। ये हिंदी पंचांग का पांंचवां महीना होता है। ये माह विशेषतौर पर भगवान शिव की भक्ति को समर्पित किया गया है, क्योंकि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सावन माह में भगवान शिव ने सागर मंथन से निकले विष को अपने कंठ में धारण करके सृष्टि की रक्षा की थी।

इस माह में भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल सावन का पावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसका समापन सावन माह की पूर्णिमा के दिन 28 अगस्त को होगा।

मनोकामना होती है पूर्ण

सावन माह के शुरू होते ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाती है। सनातन धर्म में कावड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस यात्रा में शिव जी के भक्त कांवड़ में पवित्र नदी गंगा का जल लाकर महादेव का जलाभिषेक करते हैं।

धार्मिक मान्यता है कि कांवड़ ले जाने से हर मनोकामना पूर्ण होती है। दुख-पीड़ा और रोग से मुक्ति मिलती है, लेकिन कांवड़ यात्रा को लेकर कई जरूरी बातें बताई गई हैं, जिसका पालन करना बहुत जरूरी होता है। अगर आप पहली बार कांवड़ लाने वाले हैं, तो इन नियमों का पालन अवश्य ही करें।

कांवड़ यात्रा के नियम

अगर कांवड़ लाने वाले हैं, तो सावन से पहले और पूरे सावन माह मांस, मदिरा और तामसिक चीजों का सेवन भूलकर भी न करें। कांवड़ यात्रा के दौरान साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। यात्रा के समय जल से भरी हुई कांवड़ को जमीन पर भूलकर भी न रखें।

कांवड़ को किसी ऊंचे स्थान पर ही रखें। कांवड़ बिना स्नान किए कभी न छुएं। यात्रा के दौरान अपने कांवड़ को वृक्ष के नीचे कभी न रखें। कांवड़ को अपने सिर के ऊपर से लेकर न आएं। यात्रा के दौरान किसी के लिए भी बुरे शब्द न कहें। दिल से बोल बम का नारा लगाएं।

30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा

इस साल सावन माह के शुरू होने के साथ ही यानी 30 जुलाई से ही कावड़ यात्रा प्रारंभ हो जाएगी। कांवड़ यात्रा वैसे तो पूरे सावन चलती है, लेकिन मुख्य कांवड़ यात्रा सावन की शिवरात्रि तक ही होती है।

इस साल 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इसी दिन मुख्य रूप से कांवड़ यात्रा का समापन हो जाएगा। हालांकि, झारखंड के बैद्यनाथ धाम समेत अन्य प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूरे सावन कांवड़ियों की भारी भीड़ रहती है।

  • TAGS
  • [post_tags]