शुक्रवार देर रात राष्ट्रपति भवन से सीधा मॉस्को रवाना हुए रूसी राष्ट्रपति
Russian President Putin (आज समाज), नई दिल्ली : भारत और रूस के रिश्तों को नया आयाम देने के बाद रूसी राष्ट्रपति अपनी दो दिवसीय यात्रा समाप्त करके शुक्रवार देर रात मॉस्को के लिए रवाना हो गए। रूसी राष्ट्रपति के स्वागत में शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज का आयोजन किया गया था। पुतिन ने उसमें शिकरत की जहां पर उनका भारतीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य गणमान्य लोगों द्वारा गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया गया।
रात्रिभोज के दौरान भी पीएम मोदी और पुतिन दोनों एक साथ बैठे और आपस में गहन चर्चा की। रात्रिभोज के बाद अपनी दो दिवसीय यात्रा समाप्त करके पुतिन नई दिल्ली से मॉस्को के लिए रवाना हो गए। अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद रवाना होने से पहले पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को साथ चलें, साथ बढ़ें की साझेदारी बताया और भविष्य में सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद जताई।
पुतिन ने की भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना
पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने शुक्रवार को भारत मंडपम में इंडो-रूस बिजनेस फोरम में हिस्सा लिया। इस दौरान रूसी राष्टÑपति पुतिन ने भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी तरह स्वतंत्र नीति अपना रहा है और आर्थिक क्षेत्र में बेहतरीन परिणाम हासिल कर रहा है। आगे उन्होंने कहा कि भारत और रूस दोनों बड़े बाजार हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे।
भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत किसी दबाव में नहीं आएगा। उनकी आर्थिक नीतियों का देश को बड़ा लाभ मिल रहा है। वहीं, इस दौरान पुतिन ने कहा कि रूस और भारत लंबे समय से भरोसेमंद व्यापारिक साझेदार रहे हैं। व्यापार लगातार बढ़ रहा है। पिछले तीन वर्षों में इसमें 80% की रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष रूस-भारत व्यापार 64 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
भारत का आईटी क्षेत्र दुनिया में अग्रणी
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा कि आज, भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी की मजबूत आर्थिक नीति और मेक इन इंडिया कार्यक्रम जैसी ऐतिहासिक पहल की बदौलत भारत तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा है। भारत का आईटी और फार्मास्युटिकल क्षेत्र दुनिया में अग्रणी स्थान रखता है।
आपसी विश्वास पर टिकी साझेदारी की नींव
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इतने बड़े रूसी प्रतिनिधिमंडल को यहां लाना राष्ट्रपति पुतिन की बहुत महत्वपूर्ण पहल है। मैं सभी का हार्दिक स्वागत करता हूं। हमारी साझेदारी की नींव आपसी विश्वास पर टिकी है और यही भारत-रूस संबंधों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर बातचीत शुरू हो गई है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : दुनिया की स्किल कैपिटल बनकर उभरा भारत : मोदी


