PM Modi On Digital India, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महत्वाकांक्षी डिजिटल इंडिया पहल के शुभारंभ के एक दशक बाद इसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला है। इस संबंध में उन्होंने एक ब्लॉग लिखा है जिसे आज लिंक्डइन पर पोस्ट किया। इसमें पीएम ने प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी यात्रा और शासन, अर्थव्यवस्था व रोजमर्रा की जिंदगी पर इसके व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डाला है। उन्होंने कहा है कि सरकार द्वारा एक दशक पहले शुरू की गई डिजिटल इंडिया पहल आज एक जन आंदोलन बन गई है।
पहल ने संपन्न और वंचितों के बीच डिजिटल विभाजन को पाटा
प्रधानमंत्री ने कहा, डिजिटल इंडिया ने संपन्न और वंचितों के बीच डिजिटल विभाजन को पाटा और अवसरों का लोकतंत्रीकरण किया है। उन्होंने कहा कि दशकों तक भारतीयों की प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की क्षमता पर संदेह किया जाता रहा, लेकिन उनकी सरकार ने इस दृष्टिकोण को बदल दिया और नागरिकों की प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की क्षमता पर भरोसा किया।
दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल क्रांतियों में से एक की नींव रखी
प्रधानमंत्री ने लिखा, दस साल पहले, हमने दृढ़ विश्वास के साथ अज्ञात क्षेत्र में एक साहसिक यात्रा शुरू की थी। उन्होंने ब्लॉग में इस बात पर भी प्रकाश डाला है कि कैसे मानसिकता में बदलाव आया, भारतीयों की प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की क्षमता पर संदेह करने से लेकर उनकी क्षमता पर भरोसा करने तक, जिसने दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल क्रांतियों में से एक की नींव रखी।
हमने मानसिकता को बदला
अतीत के संदेह का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, जबकि दशकों तक यह सोचा जाता रहा कि प्रौद्योगिकी का उपयोग संपन्न और वंचितों के बीच की खाई को और गहरा करेगा, हमने इस मानसिकता को बदला और इस खाई को खत्म करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया। उन्होंने कहा, जब इरादा सही होता है, तो नवाचार कम सशक्त लोगों को सशक्त बनाता है। जब दृष्टिकोण समावेशी होता है, तो प्रौद्योगिकी हाशिये पर रहने वालों के जीवन में बदलाव लाती है।
2014 में सीमित थी इंटरनेट की पहुंच
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में इंटरनेट की पहुंच सीमित थी, डिजिटल साक्षरता कम थी और आॅनलाइन सरकारी सेवाओं तक पहुंच दुर्लभ थी। उन्होंने लिखा, कई लोगों को संदेह था कि क्या भारत जैसा विशाल और विविधतापूर्ण देश वास्तव में डिजिटल हो सकता है। उन्होंने कहा, आज, उस सवाल का जवाब न केवल डेटा और डैशबोर्ड में, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय समावेशी नीतियों और मजबूत बुनियादी ढांचे को दिया।
यह भी पढ़ें : PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री ने सीवान में 5,900 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया