Mann Ki Baat : कल 40 हजार से अधिक लोग सुनेंगे पीएम की मन की बात : डॉ अर्चना गुप्ता

0
211
Panipat News/Mann Ki Baat/100 Episode
Panipat News/Mann Ki Baat/100 Episode
Aaj Samaj, (आज समाज),Mann Ki Baat, पानीपत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100 वां प्रसारण राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में 100-100 स्थानों पर कम से कम 100-100 लोगों के साथ सुनने का निर्णय भाजपा द्वारा लिया गया है। इस जिला के चारों हलकों में भी इसके लिये व्यवस्था की गई है। जिला में 400 स्थान निश्चित किए गए हैं, जहां 40 हजार लोग मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को यहां जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री के मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित होगा। जिला में सभी मंडलों की बैठकें लेकर यह सुनिश्चित किया गया है कि पीएम के मन की बात कार्यक्रम को अधिकाधिक लोग सुनें। इसके लिये बाकायदा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थानों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है।

मन की बात विश्व का सबसे बड़ा संवाद कार्यक्रम

डा अर्चना ने बताया कि प्रधानमंत्री की मन की बात विश्व का सबसे बड़ा संवाद कार्यक्रम है। नेल्सन मंडेला के रेडियो संवाद कार्यक्रम की भी लोकप्रियता इतनी नहीं है, जितनी की मोदी के इस कार्यक्रम की। मोदी मन की बात में कभी कोई राजनैतिक बात नहीं करते। वे समाज के सरोकारों की बात करते हैं। वे उन लोगों के नाम का जिक्र करते हैं जो समाज व देश के लिए कोई न कोई अच्छा काम कर रहे होते हैं चाहे वह खुले में शौच मुक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान देने वाली अंजनी शाह हो या खेलों में नाम रोशन करने वाली दीपा मालिक। मोदी कार्यक्रम में समाज में हो रहे सकारात्मक नवाचारों, विभिन्न विधाओं, प्रकल्पों का जिक्र करना नहीं भूलते। इन सबसे समाज के अधिकाधिक लोग लाभिन्वित हों इस बात का प्रयास किया जाता है।

मोदी एप डाउनलोड करने की अपील

जिला अध्यक्ष ने लोगों से मोदी एप डाउनलोड कर पीएम के मन की बात सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इस बार देश में लाखों लोग इस कार्यक्रम को सुनेंगे और यह गिनीज बुक में एक रिकार्ड बनेगा। वे स्वयं सेक्टर 29 पार्ट एक में एक औद्योगिक इकाई में करीब डेढ़ हजार श्रमिकों, व्यवसायियों के साथ मन की बात को सुनेंगी।

राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा

उन्होंने बताया कि आईआईएम की एक रिपोर्ट के अनुसार 100 करोड़ भारतीयों ने कभी न कभी इस कार्यक्रम को सुना है। 23 करोड़ लोग हर बार सुनते हैं तो 41 करोड़ ने कभी कभार। कार्यक्रम सुनने के बाद 60 प्रतिशत लोगों का कहना है कि उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिये प्रेरणा मिली है। यह कार्यक्रम देश भर में 22 भाषाओं व 29 बोलियों में प्रसारित होता है। इसके अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाता है। श्रोताओं में 60 प्रतिशत पुरूष और 40 प्रतिशत महिलायें होती हैं। प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रमुख ईश कुमार राणा ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ उप महापौर दुष्यंत भट्ट, ईश कुमार राणा, संजय छोकर,विनोद कुमार, छोकर , दीपक सलूजा, सुनील परढाना कृष्ण आर्य ,सुमित जगलान, अनिता चावला, सुदर्शन पाराशर, विशाल गोस्वामी , सुनिता गोयल आदि मौजूद रहे।
SHARE