डॉ.एमकेके आर्य मॉडल स्कूल में अंतरसदनीय विज्ञान प्रतियोगिता में सभी सदनों ने दिखाया अपना बौद्धिक कौशल

0
256
Panipat News/Dr. MKK Arya Model School Panipat
Panipat News/Dr. MKK Arya Model School Panipat
आज समाज डिजिटल, Panipat News :
पानीपत। डॉ. एमकेके आर्य मॉडल स्कूल में बुधवार को विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रश्नोत्तरी अध्यापक प्रभजोत सिंह और दीपा वाधवा की देखरेख में आयोजित की गई। मंच का संचालन अध्यापिका प्रिया, दिव्या कौशिक और रीतु ने से संभाला। विज्ञान प्रश्नोत्तरी का उद्देश्य युवा छात्रों के मन में वैज्ञानिक जांच, विश्लेषणात्मक सोच की भावना पैदा करना और नवोदित वैज्ञानिकों के विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करना है। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन होता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

प्रतियोगिताओं के लिए आत्मविश्वास का होना बेहद आवश्यक

इन विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं को देखकर अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होते हैं। विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ती है और विद्यार्थी विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। इन प्रतिभागियों में से एक दिन देश को सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक मिलता है। सभी विद्यार्थी अपने जीवन में सफल हो, इसके लिए आत्मविश्वास का होना बेहद आवश्यक है। चाहे कोई काम करना हो या फिर किसी विषय पर निर्णय लेना हो, सबके लिए मनोबल का होना महत्वपूर्ण है। अगर व्यक्ति आत्मविश्वास से भरपूर होगा, तो ही किसी काम में कामयाबी हासिल कर सकता है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों पर आधारित प्रश्न थे

इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए स्कूल समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताएँ करवाता रहता है। विज्ञान प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों अहिंसा, आस्था, शक्ति और निष्ठा के विद्यार्थियों ने एक -एक टीम के रूप में भाग लिया। इन विद्यार्थियों का चयन पूर्व परीक्षा के आधार पर किया गया था। चारों सदनों के सदस्य कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं से चयनित किए गए। जिनमें अक्षी, त्रिजल, गर्व, सार्थक, मानिक, आदित्य, पावनी, मानवी, तनिष्का, शुभम, यशवर्धन, छवि, एश्वर्या, धीरेन, अंशी, वासु, सार्थक, जयदीप, पावन, सुशील, एंजल, जिया, वाशु, यस्वी आदि चयनित हुए। विज्ञान पर आधारित एक सामान्य ज्ञान के रूप में, इस आयोजन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों पर आधारित प्रश्न थे।

प्रतियोगिता के छह दौर थे

इस प्रतियोगिता के छह दौर थे। पहला सामान्य, दूसरा एम.सी.क्यू.दौर, तीसरा संक्षिप्ताक्षर दौर, चौथा दृश्य दौर, पाँचवाँ विज्ञान और प्रौद्योगि की दौर और छठा प्रायोगिक दौर। हर दौर में दो उपदौर रखे गए। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देने के लिए एक टीम को 30 सेकंड का समय दिया गया। कुल सौ अंकों की इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बड़ी तीव्रता और कुशलता से अपने बौद्धिक कौशल का परिचय दिया। पहले और दूसरे दौर में प्रत्येक प्रश्न के लिए पाँच अंक, दौर तीन, चार ,पाँच और छह में प्रत्येक प्रश्न के लिए दस अंक निर्धारित किए गए। यह आयोजन छात्रों के लिए बहुत ही शिक्षाप्रद और ज्ञानवर्धक साबित हुआ।यह स्कूल द्वारा एक बहुत ही सराहनीय प्रयास था। विद्यार्थियों के लिए भी यह एक अद्भुत अनुभव था।

प्रतियोगिता में प्रथम अहिंसा सदन

विद्यालय के निर्देशक महोदय रोशन लाल सैनी ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए विजेता टीम को बधाई दी तथा सभी टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन सब की प्रशंसा की एवं भविष्य में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक रोशन लाल सैनी, प्राचार्य मधुप पराशर, शैक्षणिक सलाहकार मंजू सेतिया, मीरा मारवाह व कोऑर्डिनेटर आशिमा बेदी ने विद्यार्थियों की इस कार्यकुशलता, उत्साह व सृजनात्मकता की प्रशंसा की और उन्हें जिज्ञासु प्रवृत्ति बनाए रखने के लिए प्रेरित किया,जिससे उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक उन्नति होती रहे। इस प्रतियोगिता में प्रथम अहिंसा सदन 80/100, द्वितीय शक्ति सदन 60/100,  तृतीय निष्ठा सदन 55/100, चतुर्थ आस्था सदन 45/100 रहे।
SHARE