Out of six seats in Gujarat, Congress wins two, ahead in two: गुजरात में छह सीटों में से कांग्रेस दो पर विजयी, दो पर आगे

0
198

नई दिल्ली। भाजपा के लिए आज का दिन बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता। अब तक जिस प्रकार से भाजपा चुनावों में जीत दर्ज करती रही है उस हिसाब से इस बार के चुनाव परिणाम इतर रहे। हरियाणा में भाजपा को चालीस सीटों के आसपास मिल रही है। इन सीटों पर भाजपा या तो आगे है या जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले गुजरात से आज अच्छी खबर नहीं आई। गुजरात में विधानसभा की कुल छह सीटों पर उपचुनावों की मतगणना हुई। इनमें से कांग्रेस ने दो सीटों पर जबकि भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा कांग्रेस दो सीटों पर, जबकि भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग के अब तक घोषित नतीजों में यह जानकारी दी गई है। कांग्रेस उम्मीदवार जशु पटेल ने भाजपा के धवलसिंह जाला को अरावली जिले में बायड सीट पर 700 से अधिक वोटों के अंतर से हरा दिया। बनासकांठा जिले के थराड सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुलाबसिंह राजपूत ने शुरूआती घंटों में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और भाजपा उम्मीदवार जीवराज पटेल को 6,400 से अधिक वोटों के अंतर से शिकस्त दी। मेहसाणा की खेलारू सीट पर भाजपा के अजमलजी ठाकोर ने कांग्रेस के बाबूजी ठाकोर को 29,000 वोटों से हरा दिया। राधनपुर(पाटन), लुनावाडा (महीसागर) और अमराइवाडी (अहमदाबाद) सीटों पर मतगणना जारी है। राधनपुर में ओबीसी नेता एवं भाजपा उम्मीदवार अल्पेश ठाकोर कांग्रेस के रघु देसाई से हार गए हैं। लुनावाडा में भाजपा उम्मीदवार जिग्नेश सेवक कांग्रेस के गुलाबसिंह चौहान से 12,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। अमराईवाडी में कांग्रेस के धर्मेंद्र पटेल भाजपा के जगदीश पटेल से 117 वोटों से आगे चल रहे हैं।

SHARE