Maldives Appeal: पर्यटन पर निर्भर मालदीव की अर्थव्यवस्था में योगदान दें भारतीय पर्यटक

0
10
Maldives Appeal
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी-फाइल फोटो।

Aaj Samaj (आज समाज), Maldives Appeal, माले: भारतीय पर्यटकों के इस वर्ष जनवरी से द्वीपसमूह देश मालदीव के बहिष्कार के बाद यह देश अब तक नहीं उबर पा रहा है और इसके लिए वह कई तरह के प्रयास कर रहा है ताकि दोनों देशों के बीच मतभेदों के चलते टूरिस्टों की संख्या में आई गिरावट फिर पहले वाली रफ्तार पकड़ ले। इसी मकसद से पिछले महीने मालदीव ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भारत के बड़े शहरों में रोड शो करने का प्लान बनाया था और इस बार यह देश पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भारत के समक्ष एक बार फिर गिड़गिड़ाया है।

मालदीव और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों पर जोर

तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों व भारतीय पर्यटकों की संख्या में कमी के बीच, टूरिज्म पर निर्भर मालदीव के पर्यटन मंत्री इब्राहिम फैसल ने भारतीय पर्यटकों से अपने देश में घूमने आकर अर्थव्यवस्था में योगदान देने का आग्रह किया है। मालदीव और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, हमारा एक इतिहास है। हमारी नवनिर्वाचित सरकार भी भारत के साथ मिलकर काम करना चाहती है।

हम हमेशा शांति और मैत्रीपूर्ण माहौल को बढ़ावा देते हैं : फैसल

फैसल ने कहा, हम हमेशा शांति और मैत्रीपूर्ण माहौल को बढ़ावा देते हैं। हमारे लोग और सरकार भारत के लोगों के आगमन का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। फैसल ने कहा, पर्यटन मंत्री के रूप में, मैं भारतीयों से कहना चाहता हूं कि कृपया मालदीव के पर्यटन का हिस्सा बनें, उन्होंने कहा, हमारी अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर करती है।

पीएम मोदी के खिलाफ जनवरी में अपमानजनक टिप्पणी करने पर बड़ा था तनाव

मालदीव को भारतीय पर्यटकों के बहिष्कार का तब सामना करना पड़ा, जब इसी साल 6 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पश्चिमी तट लक्षद्वीप के अपने दौरे के दौरान इस केंद्र शासित प्रदेश की तुलना मालदीव से की थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लक्षद्वीप की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट की थीं जिस पर मालदीव के तीन अधिकारियों ने सोशल मीडिया पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद भारत के लोगों ने मालदीव पर तीखी प्रतिक्रिया दी। साथ देश की कई मशहूर हस्तियों सहित लाखों भारतीयों ने मालदीव जाने की अपनी योजना रद कर दी।

भारतीय पर्यटकों की संख्या में 42% की गिरावट

पर्यटन आगमन के आंकड़े बताते हैं कि बड़ा पर्यटक देश होने के बावजूद, जनवरी के बाद भारत का स्थान पहले से छठे स्थान पर आ गया। सोमवार को प्रकाशित सन.एमवी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल के पहले चार महीनों की तुलना में इस साल के पहले चार महीनों में भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या में 42 प्रतिशत की गिरावट आई है।

इस साल की शुरुआत में, मालदीव के लिए भारत शीर्ष पर्यटक बाजार था। समाचार पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, साल के कुछ ही समय में, भारत शीर्ष पर्यटक बाजारों में छठे स्थान पर आ गया। पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मालदीव में 4 मई तक भारत से कुल 43,991 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया। पिछले साल जनवरी से अप्रैल के बीच, मालदीव में 73,785 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook 

SHARE