Himachal News: हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के लाहलड़ी गांव में सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 54 वर्षीय कमल देव पुत्र विद्या सागर, निवासी गांव लग देवी के रूप में हुई है। वहीं, घायल 47 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र मनोहर लाल, निवासी वार्ड नंबर 11 दोसड़का के रहने वाले हैं।
ओवरटेक करने में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंटर और स्कूटी सवारों के बीच ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कमल देव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अश्वनी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कमल देव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अश्वनी कुमार का उपचार जारी है।
पुलिस कर रही जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।


