sports news: सोनीपत के मोहित मलिक ने फतह की साउथ अमेरिका की सबसे ऊँची चोटी

0
575

 

माउंट अकोंकागुआ पर लहराया तिरंगा और SBI का झंडा, दिया ‘FIT INDIA–FIT SBI’ का संदेश

चंडीगढ़ । गांव पीपली खेड़ा, जिला सोनीपत के होनहार माउंटेनियर मोहित मलिक ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मोहित ने साउथ अमेरिकन कॉन्टिनेंट की सबसे ऊँची चोटी और एशिया के बाहर विश्व की सबसे ऊँची पर्वत चोटी — अर्जेंटीना स्थित माउंट अकोंकागुआ (22,840 फीट) — को सफलतापूर्वक फतह कर लिया। इस गौरवपूर्ण समिट के दौरान उन्होंने तिरंगे के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का झंडा फहराते हुए देश और बैंक का नाम रोशन किया।

फिट शरीर और मजबूत मानसिकता ही किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की असली कुंजी

इस अवसर पर मोहित मलिक ने SBI के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘FIT INDIA–FIT SBI’ का प्रेरणादायी संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि फिट शरीर और मजबूत मानसिकता ही किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की असली कुंजी है।

मोहित मलिक ने अपनी माउंटेनियरिंग की बुनियादी ट्रेनिंग नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM), उत्तरकाशी से प्राप्त की, जबकि एडवांस्ड माउंटेनियरिंग कोर्स उन्होंने हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टिट्यूट (HMI), दार्जिलिंग से पूरा किया। वर्तमान में मोहित स्टेट बैंक लर्निंग एंड डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट, सेक्टर-14, पंचकूला में कार्यरत हैं।

लक्ष्य दुनिया के सातों कॉन्टिनेंट्स की सात सबसे ऊँची चोटियों पर चढ़ाई कर तिरंगे के साथ SBI का झंडा फहराना

मोहित ने बताया कि उनका लक्ष्य दुनिया के सातों कॉन्टिनेंट्स की सात सबसे ऊँची चोटियों पर चढ़ाई कर तिरंगे के साथ SBI का झंडा फहराना है। इससे पहले वह अफ्रीकी कॉन्टिनेंट की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो और यूरोपियन कॉन्टिनेंट की सबसे ऊँची चोटी माउंट एल्ब्रस को फतह कर चुके हैं। माउंट अकोंकागुआ उनकी तीसरी सफल समिट है।

इसके अलावा मोहित मलिक लेह स्थित माउंट कांग्यात्से-2, हिमाचल प्रदेश के माउंट युनम और नेपाल के माउंट लोबुचे ईस्ट पर भी सफल चढ़ाई कर चुके हैं, जहां उन्होंने हर बार तिरंगे के साथ SBI का झंडा फहराया।

मोहित ने अपनी सफलता का श्रेय SBI के वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने बताया कि वह एक WhatsApp ग्रुप के माध्यम से SBI अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रेकिंग और माउंटेनियरिंग से जुड़ी जानकारियां साझा करते हैं, जिससे उनकी मेंटल और फिजिकल फिटनेस बेहतर बनी रहती है।

मोहित मलिक की इस उपलब्धि से न केवल गांव पीपली खेड़ा और जिला सोनीपत, बल्कि पूरे देश और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में गर्व की लहर है।

  • TAGS
  • [post_tags]