180 किलोमीटर की रेंज तक हमला करने में सक्षम
Kamikaze Drone, (आज समाज), नई दिल्ली: भारतीय सेना की मारक क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वदेशी रक्षा कंपनी एसएमपीपी ने सेना को 106 टर्बोजेट इंजन से चलने वाले कामिकाजे ड्रोन सौंप दिए हैं। इन्हें पीसकीपर (अग्निवेग) नाम दिया गया है। यह ड्रोन 180 किलोमीटर की रेंज तक हमला कर सकते हैं। साथ ही 450 केएमपीएच की रफ्तार पकड़ सकते हैं।
यानी इसकी रफ्तार दुनिया में सबसे तेज उड़ने वाले पेरेग्रिन फाल्कन पक्षी की रफ्तार 320 केएमपीएच से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं इन पर न जैमिंग का असर होगा, न कोई स्पूफिंग के जरिए इन्हें टारगेट से भटका सकेगा। कंपनी ने कहा है कि उसने 100 आॅपरेशनल और 6 ट्रेनिंग ड्रोन सेना को सौंप दिए हैं।
बेलारूसी फर्म केबी इंडेला की मदद से किया गया तैयार
यह डिलीवरी भारत की स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और अनमैन्ड वारफेयर में उपलब्धि मानी जा रही है। इन्हें बेलारूसी फर्म केबी इंडेला की मदद से तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह ड्रोन पूरी तरह आॅटोनॉमस प्रिसिजन स्ट्राइक मिशन अंजाम दे सकता है। यानी लक्ष्य निर्धारित होने के बाद यह बिना किसी इंसानी दखल के मिशन पूरा कर देगा।
75% से ज्यादा स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया
एसएमपीपी के सीईओ और निदेशक आशीष कंसल ने कहा कि केवल 6 महीने के भीतर भारतीय सेना को ड्रोन की आपूर्ति करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध अब सटीकता, स्वायत्तता और कॉस्ट इफेक्टिव हो रहे हैं। ऐसे सिस्टम युद्धक्षेत्र में फोर्स मल्टीप्लायर साबित हो रहे हैं। अग्निवेग में 75% से ज्यादा स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी ने सेना को अग्निवेग का एडवांस्ड वर्जन देने की पेशकश भी की है।
ये भी पढ़ें: केंद्र सरकार ने डीजल खरीदने के नियम बदले, अब एक ग्राहक को 200 लीटर से ज्यादा डीजल नहीं मिलेगा


