Iran Protests: ईरान में अब तक 544 लोगों की हो चुकी मौत, तेहरान में हॉस्पिटल के सामने लाशों का ढेर लगा

0
261
Iran Protests: ईरान में अब तक 544 लोगों की हो चुकी मौत, तेहरान में हॉस्पिटल के सामने लाशों का ढेर लगा
Iran Protests: ईरान में अब तक 544 लोगों की हो चुकी मौत, तेहरान में हॉस्पिटल के सामने लाशों का ढेर लगा

ईरान में पिछले 15 दिन से हो रहा हिंसक विरोध प्रदर्शन
Iran Protests, (आज समाज), नई दिल्ली: ईरान में पिछले 15 दिन से हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी है। ईरान की ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हिंसा में अब तक 544 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 8 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 10,681 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीएनएन के मुताबित, ईरान की राजधानी तेहरान में एक हॉस्पिटल के बाहर लोगों की लाशों का ढेर पड़ा हुआ है। इस ढेर में कुछ लोग अपने परिवार वालों के लाशों की तलाश कर रहे हैं।

वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मौजूदा हालात को आतंकी युद्ध बताया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि ईरान में इस समय जो कुछ हो रहा है, वो एक आतंकी युद्ध है। अब्बास अराघची के मुताबिक, इस हिंसा में शामिल आतंकी तत्वों ने सरकारी इमारतों, पुलिस थानों और कारोबार से जुड़ी जगहों पर हमले किए हैं। ये घटनाएं प्लानिंग के साथ की गई हैं।

ईरान रेड लाइन क्रॉस कर रहा: ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान सरकार प्रदर्शनों को रोकने के लिए रेड लाइन पार कर रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका कड़े विकल्पों पर विचार कर रहा है। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि ईरान में प्रदर्शनकारियों के साथ जो हो रहा है, उस पर अमेरिका की नजर है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान रेड लाइन पार कर चुका है, तो उन्होंने कहा, ऐसा लग रहा है कि वे ऐसा करने लगे हैं। ट्रम्प ने बताया कि ईरान ने अमेरिका से संपर्क कर बातचीत का प्रस्ताव रखा है। बैठक तय करने को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, हालात को देखते हुए उन्हें पहले कार्रवाई करनी पड़ सकती है, क्योंकि मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है और गिरफ्तारियां जारी हैं।

ईरान ने ब्रिटेन के राजदूत को तलब किया

ईरान ने लंदन में अपने दूतावास से ईरानी झंडा हटाए जाने की घटनाओं को लेकर ब्रिटेन के राजदूत को तलब किया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने दो बार लंदन स्थित ईरानी दूतावास से ईरान का झंडा उतार दिया।

ईरान के सरकारी टेलीविजन के मुताबिक, अधिकारियों ने इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही ईरान ने एक खास आतंकी संगठन पर भी आरोप लगाया, जो मीडिया के रूप में काम करते हुए झूठ फैलाने और हिंसा व आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

ये भी पढ़ें: पीएसएलवी-सी62 मिशन फेल, रास्ते से भटका रॉकेट

  • TAGS
  • [post_tags]