कभी आलाकमान से नाराज होकर छोड़ी थी कांग्रेस फिर पश्चिम बंगाल में किया 15 साल तक शासन
TMC Supremo Mamata Banerjee (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया अध्याय लिखने वाली ममता बनर्जी आजकल कुछ मासूस और अकेली नजर आ रहीं है। इसके दो कारण हैं एक तो 15 साल के बाद पश्चिम बंगाल में उनकी करारी हार और दूसरा है हार के बाद पार्टी में पड़ी टूट। हालात यहां तक बिगड़ चुके हैं कि ममता बनर्जी के 80 विधायकों में से 59 उनके खिलाफ जा चुके हैं।
जिसके चलते ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को अपना चुनाव निशान भी खोने का डर पैदा हो गया है। इसी बात का फायदा कांग्रेस उठाना चाह रही है। कांग्रेस ने ममता बनर्जी को दोबारा से कांग्रेस में आने का साफ निमंत्रण दे दिया है। अब देखना यह होगा की ममता बनर्जी वापस कांग्रेस में जाती हैं या फिर कांग्रेस से उनके राह जुदा ही रहेंगे।
आज दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक में करेंगी शिरकत
आज दिल्ली में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए ममता बनर्जी भी राजधानी पहुंच रही हैं। माना जा रहा है कि चुनावी पराजय के बाद यह पहला मौका होगा, जब ममता बनर्जी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ सीधे मेज पर बैठेंगी। सत्ता का संरक्षण हटते ही पार्टी में भगदड़ की स्थिति है।
तृणमूल के तमाम सांसद, विधायक और जमीनी नेता लगातार कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में बने हुए हैं। अभिषेक बनर्जी के पुराने कार्यबल और रवैये को लेकर पार्टी में जो असंतोष था,वह अब खुलकर सतह पर आने लगा है। ममता यह भली-भांति जानती हैं कि केंद्रीय सत्ता के पूर्ण प्रभाव के सामने प्रादेशिक छत्रप के तौर पर अकेले टिक पाना नामुमकिन है।
दोनों का साथ आना राजनीतिक मजबूरी और जरूरत
कांग्रेस के लिए भी इस समय ममता बनर्जी को साथ लाना राजनीतिक मजबूरी और जरूरत, दोनों है। पश्चिम बंगाल में नई सत्ता के उभार के बाद कांग्रेस को डर है कि यदि उसने जमीन मजबूत नहीं की, तो अल्पसंख्यक वोट बैंक पूरी तरह वाम दलों या तृणमूल के बिखरे हुए धड़ों में बंट जाएगा। कांग्रेस को बंगाल में खुद को स्थापित करने के लिए मजबूत और स्थापित चेहरे की जरूरत है।
कांग्रेस हाल ही में केरल में वामपंथियों को मात देकर सत्ता में आई है। बंगाल में लेफ्ट को मजबूत होने देना कांग्रेस के लिए केरल की जमीन को खतरे में डालना होगा। इसीलिए, कांग्रेस के लिए बंगाल में वामपंथियों के मुकाबले टीएमसी का ढांचा ज्यादा मुफीद और व्यावहारिक बैठता है।


