Weather Update News : पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठंड, तापमान में गिरावट जारी

0
238
Weather Update News : पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठंड, तापमान में गिरावट जारी
Weather Update News : पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठंड, तापमान में गिरावट जारी

भीषण ठंड की चपेट में समूचा उत्तरी भारत, अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत

Weather Update News (आज समाज), नई दिल्ली : पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रहे हिमपात से जहां वहां का मौसम लगातार असहनीय ठंड में बदलता जा रहा है वहीं पश्चिमी हिमालय की ऊंची चोटियों से आ रहीं बफीर्ली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप और भी ज्यादा बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम का यही हाल बना रहेगा और सर्दी से किसी तरह की राहत मिलने के आसार नहीं है। इसका कारण है उत्तर-पश्चिम यूपी और उत्तरी पाकिस्तान के आसपास सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभ।

इन दोनों के प्रभाव से मंगलवार को ठंड का प्रकोप पहले से ज्यादा बढ़ गया। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर पारा 0-5 डिग्री के बीच रहा, जबकि मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड, बंगाल, सिक्किम और असम समेत पूर्वोत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों में न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिमी मध्य प्रदेश के राजगढ़ में 2.0 डिग्री दर्ज किया गया।

हिमाचल में पारा माइनस 10.8 डिग्री

हिमाचल प्रदेश में अटल टनल, रोहतांग और पांगी में बर्फबारी हुई है, जबकि चंबा के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी और शिमला में दिन भर धूप खिली रही। ताबो में सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 10.8 डिग्री दर्ज हुआ। जम्मू-कश्मीर के शोपियां, पुंछ, अनंतनाग व दक्षिण कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में न्यूनतम पारा शून्य से 8.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में पारा 4.0 डिग्री रहा।

राजधानी दिल्ली में साल पहला शीत दिवस

दिल्ली में मंगलवार को साल का पहला शीत दिवस दर्ज किया गया, जब अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई और राजधानी में कड़ाके की ठंड महसूस हुई। बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। कोहरे का कहर भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5-7 दिन शीतलहर, शीत दिवस के साथ घने कोहरे से भी राहत की उम्मीद नहीं है।

  • TAGS
  • [post_tags]