पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में हल्की बारिश से लौटी ठंड
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर से बदलाव आ गया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक जहां घने बादल छाए हुए हैं। वहीं पर्वतीय राज्यों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई व मैदानी हिस्सों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। दूसरी तरफ उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन भी मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में अचानक बदलाव आया है।
आने वाले दो दिन इस तरह रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 19 मार्च को, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 मार्च को, पश्चिमी राजस्थान में 20 मार्च को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत में 22 मार्च तक छिटपुट गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में 20 मार्च तक और पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 20 और 21 मार्च को छिटपुट बारिश होने और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी-प्रदूषण से राहत
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बादल छाए रहे और शाम होते-होते झमाझम बौछारें पड़ने लगीं। कई हिस्सों में तेज हवाएं भी चलीं और भारी बारिश दर्ज की गई। इससे बढ़ते तापमान और उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली। दिल्ली समेत एनसीआर के शहरों नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 20 मार्च तक गरज और चमक के साथ हल्की बारिश होने और 50 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद पारा 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
हिमाचल-कश्मीर में चोटियों पर हिमपात
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। हिमाचल में कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। हिमपात के चलते अटल टनल के लिए यातायात बंद कर दिया गया। जम्मू संभाग में हिमपात के चलते किश्तवाड़ से कश्मीर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सिंथन टॉप मार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया है। श्रीनगर सहित कई मैदानी इलाकों में बारिश हुई। गुलमर्ग समेत कश्मीर घाटी के अन्य ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण मां वैष्णो देवी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर बंद रही। लेकिन बैटरी कार और रोपवे सेवाएं सामान्य रहीं।


