पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान, मैदानों में होगी हल्की बारिश
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : आज रात से उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आएगा। इससे जहां पहाड़ी राज्यों में जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है वहीं उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी चलेंगी चक्रवाती हवाएं
दक्षिण भारत में एक नया चक्रवाती हवाओं का झोंका मौसम को प्रभावित कर रहा है और इसके प्रभाव से तमिलनाडु और केरल में बारिश हो रही है। इधर उत्तर भारत की बात करें तो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब और हरियाणा समेत मैदानी राज्यों में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है।
राजधानी दिल्ली में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। साथ ही, एनसीआर में भी मौसम का उलटफेर देखा जाएगा। मौसम विभाग ने 16 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान जताया है। इसके प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ मैदानी इलाकों में बारिश देखी जाएगी। मौसम विभाग ने 18 फरवरी के लिए हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश देखी जाएगी। मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते दिल्ली एनसीआर में दिन के वक्त 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
18 फरवरी को बारिश का अनुमान
दिल्ली एनसीआर में 17 फरवरी से तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में 17, 18 और 19 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। इसी दिन दिल्ली के साथ ही एनसीआर के कुछ इलाकों दोपहर या शाम के वक्त बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जाएगी। इसके बाद 19 फरवरी से आसमान साफ हो जाएगा।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : दुनिया में तकनीक का परिदृश्य बदल रहा : मोदी


