Namaz Controversy: सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे: सीएम योगी

0
78
Namaz Controversy: सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे: सीएम योगी
Namaz Controversy: सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे: सीएम योगी

बकरीद से एक हफ्ते पहले उत्तर प्रदेश के सीएम ने दी चेतावनी, कहा- सभी को सिस्टम से रहना होगा, सभी को कानून का राज मानना होगा
Namaz Controversy, (आज समाज), लखनऊ: सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी। प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। यह कहना है उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्य नाथ का। सीएम योगी लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। योगी का यह बयान यूपी में बकरीद से एक हफ्ते पहले आया है। उन्होंने कहा, लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या यूपी में सड़कों पर नमाज होती है? मैं कहता हूं- कतई नहीं।

सड़कें आम लोगों के चलने के लिए हैं। कोई भी आकर ट्रैफिक डिस्टर्ब करे, यह अधिकार किसी को नहीं है। उन लोगों ने मुझसे कहा कि साहब कैसे होगा, हमारी संख्या ज्यादा है। हमने कहा, तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है, तो संख्या कंट्रोल कर लो। सामर्थ्य नहीं है, तो क्यों बेकार में संख्या बढ़ाई जा रही है? सभी को सिस्टम से रहना होगा। सभी को कानून का राज मानना होगा।

सड़कें नमाज पढ़ने या किसी तरह की भीड़ जुटाने के लिए नहीं हैं

योगी ने कहा, नमाज पढ़नी है तो तय जगह पर पढ़िए। संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़ लीजिए। हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अराजकता नहीं होने देंगे। सड़कें नमाज पढ़ने या किसी तरह की भीड़ जुटाने के लिए नहीं हैं।

किसी को भी सड़क जाम करने या अव्यवस्था फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी

सीएम योगी ने बरेली में हुए बवाल का भी जिक्र किया। कहा, बरेली में लोगों ने हाथ आजमाया था, ताकत भी देख ली। कानून सभी के लिए बराबर है। किसी को भी सड़क जाम करने या अव्यवस्था फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी।

दरअसल, यूपी में सितंबर 2025 में आई लव मोहम्मद को लेकर विवाद हुआ था। बरेली में मुस्लिम नेता मौलाना तौकीर रजा ने नमाज के बाद धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया। पुलिस ने रोका तो पथराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।

यूपी जल्द 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा

योगी ने यूपी के विकास और निवेश का जिक्र करते हुए कहा, पहले प्रदेश की पहचान कट्टा और बम से होती थी, लेकिन अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। नकारात्मक माहौल होगा तो वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया पैदा होगा। सकारात्मक माहौल होगा तो वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट बनेगा। यूपी में तेजी से निवेश आ रहा है। रोजगार बढ़ रहे हैं। यूपी जल्द 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा।

योगी सरकार ने सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाई थी

योगी सरकार ने 2022-2023 में सड़कों पर नमाज पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी। आदेश दिया कि ईद, अलविदा जुमा या किसी भी अन्य दिन सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। धार्मिक कार्यक्रम केवल ईदगाह, मस्जिदों या निर्धारित धार्मिक स्थलों के अंदर ही होने चाहिए।

ये भी पढ़ें: भारत-नॉर्वे दोस्ती को नई ऊर्जा मिलेगी: मोदी