US-Iran War Update : हमने लक्ष्य हासिल किया, जल्द खत्म होगा युद्ध : ट्रंप

0
1392
US-Iran War Update : हमने लक्ष्य हासिल किया, जल्द खत्म होगा युद्ध : ट्रंप
US-Iran War Update : हमने लक्ष्य हासिल किया, जल्द खत्म होगा युद्ध : ट्रंप

कहा, अमेरिका का मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था

US-Iran War Update (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू किए गए युद्ध का आज 33वां दिन है। आज भी दोनों तरफ से कई हमले किए जाने के समाचार हैं। वहीं इस युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है। हर देश चाहता है कि यह युद्ध जल्द से जल्द समाप्त हो जाए। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है।

उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपना लक्ष्य हासिल कर चुका है और आॅपरेशन लास्ट स्टेज में है। मंगलवार रात व्हाइट हाउस के ओवल आॅफिस में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका का मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था। यह अब पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि समझौता होने पर युद्ध पहले भी खत्म हो सकता है।

हम युद्ध पूरी तरह खत्म करना चाहते हैं : ईरान

इसी बीच ईरान की तरफ से युद्ध को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि उनका देश युद्ध खत्म करना चाहता है। लेकिन इसके लिए जरूरी शर्तें पूरी होनी चाहिए, खासकर यह भरोसा कि आगे फिर ऐसा हमला नहीं होगा। उन्होंने यह बात यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से फोन पर बातचीत में कही।

वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उन्हें अमेरिका से सीधे और मध्यस्थों के जरिए संदेश मिल रहे हैं, लेकिन यह औपचारिक बातचीत नहीं है। उन्होंने साफ किया कि ईरान सिर्फ जंग के पूरी तरह से खत्म होने पर ही राजी होगा, अस्थायी युद्धविराम स्वीकार नहीं करेगा। अराघची के मुताबिक, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से उन्हें सीधे संदेश मिलते हैं, जबकि कई संदेश दोस्त देश के जरिए पहुंचते हैं।

युद्ध को लेकर यह बोले इजरायली प्रधानमंत्री

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चल रहा अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उनके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर चलाए जा रहे इस अभियान को एक महीना हो चुका है और इस दौरान उन्होंने आतंक फैलाने वाले तंत्र को काफी कमजोर कर दिया है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस अभियान से ईरान की सत्ता हिल गई है और अब वह पहले जैसी मजबूत नहीं रही। नेतन्याहू के मुताबिक हमने इस व्यवस्था को झकझोर दिया है और देर-सवेर यह गिर जाएगी। इस्राइल के प्रधानमंत्री के इस बयान से साफ है कि क्षेत्र में तनाव अभी कम होने वाला नहीं है और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें : PM Modi News : पश्चिमी एशिया तनाव से वैश्विक ऊर्जा संकट उपजा : पीएम

  • TAGS
  • [post_tags]