West Asia War Update : हमने तेहरान और तबरीज पर जोरदार हमले किए : इजरायल

0
236
West Asia War Update : हमने तेहरान और तबरीज पर जोरदार हमले किए : इजरायल
West Asia War Update : हमने तेहरान और तबरीज पर जोरदार हमले किए : इजरायल

कहा, इन हमलों से ईरानी सेना को हुआ बहुत ज्यादा नुकसान, आगे भी जारी रहेंगे हमले

West Asia War Update (आज समाज), यरूशलेम : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त रूप से किए जा रहे हमलों का आज 12वां दिन है। इस दौरान बीती रात अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर जोरदार बमबारी की। इस संबंधी जानकारी साझा करते हुए इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने कहा है कि उन्होंने तेहरान और तबरीज में एक साथ कई हमले किए। इन हमलों से ईरान को काफी ज्यादा नुकसान होने की उम्मीद है।

इन हमलों से ईरानी सेना कमजोर होगी। इजरायल के मुताबिक, तबरीज में एक स्पेशल यूनिट कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया। वहीं तेहरान में इमाम हसन सिक्योरिटी यूनिट के मिलिट्री कंपाउंड और बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च से जुड़े एक कमांड सेंटर पर भी हमला किया गया। इसके अलावा माराघेह प्रांत में इंटेलिजेंस और जनरल सिक्योरिटी पुलिस के कमांड सेंटर और तबरीज में बासिज फोर्सेज के एक बड़े कंपाउंड को भी निशाना बनाया गया। इजरायल ने कहा कि उसने ईरान की ओर से दागी गई कुछ मिसाइलों को रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर दिया।

अमेरिका ने ईरान की 16 बोट नष्ट की

वहीं अमेरिका की तरफ से साझा की गई जानकारी के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट में माइन बिछाने वाली ईरान की 16 बोट पर हमला कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया है। अमेरिकी राष्टÑपति ट्रंप ने कहा कि आगे भी ऐसे हमले किए जाएंगे। इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि मंगलवार को ईरान पर अब तक के सबसे बड़े और सबसे तीव्र हमले किए जाएंगे। इस हमले में बड़ी संख्या में फाइटर जेट और बमवर्षक विमान शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो रही हैं और वह बुरी तरह हार रहा है।

ईरान किसी तरह की धमकी से डरने वाला नहीं : लारीजानी

ईरान ने भी जवाब देते हुए कहा है कि वह धमकियों से डरने वाला नहीं है और जो लोग ईरान को खत्म करने की बात करते हैं, उन्हें अपने अंजाम के बारे में सोच लेना चाहिए। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने कहा कि ईरानी लोग अमेरिका की धमकियों से नहीं डरते। लारीजानी ने कहा कि पहले भी कई ताकतवर लोग ईरान को खत्म करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन वे सफल नहीं हुए।

लारीजानी ने ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग ईरान को मिटाने की बात कर रहे हैं, उन्हें सावधान रहना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि ईरान को मारने के चक्कर में वे खुद ही खत्म हो जाएं। वहीं ईरान ने इजराइल में हाइफा, येरुशलम और तेल अवीव पर भी मिसाइल हमले करने का दावा किया है। युद्ध का असर अमेरिकी सेना पर भी पड़ा है। अमेरिका के रक्षा विभाग के मुताबिक अब तक करीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं।

 

 

  • TAGS
  • [post_tags]