पिछले 11 साल से चल रहे जल संचय अभियान ने जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
PM Modi on Water Conservation (आज समाज), नई दिल्ली : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से अपील की है कि वे जल संरक्षण अभियान में अहम भूमिका निभाएं। पीएम ने कहा है कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए यह जरूरी है कि आज पानी को बचाया जाए। मोदी ने कहा कि पानी एक ऐसा पदार्थ है जिसे बनाया नहीं जा सकता इसे केवल बचाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जल संरक्षण को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और यह समय जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने का है। पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में ‘जल संचय अभियान’ ने देशभर में लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया है। इस अभियान के तहत करीब 50 लाख कृत्रिम जल संचयन संरचना बनाए गए हैं।
लोगों के प्रयास की पीएम ने की सराहना
प्रधानमंत्री ने खुशी व्यक्त की कि अब गांव-गांव में सामुदायिक स्तर पर जल संकट से निपटने के प्रयास शुरू हो गए हैं। कई स्थानों पर पुराने तालाबों की सफाई की जा रही है और बरसात के पानी को सहेजने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मोदी ने बताया कि अमृत सरोवर अभियान के तहत देशभर में लगभग 70 हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं। बारिश का मौसम आने से पहले इन सरोवरों की साफ-सफाई भी शुरू हो गई है, जिससे जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।
त्रिपुरा के वांगमुन गांव की दी उदाहरण
मोदी ने कहा कि त्रिपुरा की जंपुई पहाड़ियों में स्थित वांगमुन गांव 3000 फीट की ऊंचाई पर बसा है और कभी पानी की गंभीर कमी से जूझ रहा था। गर्मियों में गांव के लोग पानी के लिए लंबी दूरी तय करते थे। प्रधानमंत्री ने बताया कि गांव वालों ने बारिश के पानी को सहेजने का संकल्प लिया।
आज लगभग हर घर में रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित हो गया है और यह गांव अब जल संरक्षण की प्रेरक मिसाल बन चुका है। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में किसानों ने छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर बारिश के पानी को खेतों में संरक्षित किया। इससे पानी धीरे-धीरे जमीन के अंदर चला गया। प्रधानमंत्री ने बताया कि आज इस मॉडल को 1200 से अधिक किसान अपना चुके हैं और क्षेत्र का ग्राउंड वॉटर लेवल काफी बेहतर हो गया है।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : मार्च के अंत में पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी


