अमेरिकी विदेश मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, भारत सहित कई देशों पर पड़ेगा असर, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के चलते अमेरिका ने दी थी रूसी तेल आयात पर छूट
Russia Oil Imports (आज समाज), वॉशिंगटन : ईरान के साथ दोबारा से बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे भारत सहित कई अन्य देशों की परेशानी बढ़ गई है। दरअसल पिछले करीब दो माह से अधिक समय से रूस से आयात किए जाने वाले कच्चे तेल पर अमेरिका ने दी हुई छूट जल्द खत्म करने की इच्छा जाहिर की है।
इस संबंध में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष यह बात कही। अमेरिका के इस कदम से भारत समेत कई देशों पर असर पड़ सकता है। मार्को रूबियो ने कहा कि अमेरिका की मूल नीति रूस के तेल क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने की रही है। इसलिए सरकार चाहती है कि यह छूट जितनी जल्दी संभव हो, समाप्त कर दी जाए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम फैसला अमेरिकी वित्त विभाग करेगा।
17 जून को समाप्त हो रही है छूट की अवधि
अमेरिका ने मार्च में रूसी तेल खरीद पर लगे प्रतिबंधों से कुछ देशों को छूट दी थी। बाद में इसे दो बार बढ़ाया गया। सबसे हालिया विस्तार 17 मई को एक महीने के लिए दिया गया था, जिसकी अवधि 17 जून को समाप्त हो रही है। सुनवाई के दौरान सीनेट सदस्य जीन शाहीन ने पूछा कि क्या इस छूट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
इस पर रूबियो ने कहा कि यह राहत वैश्विक बाजार में तेल आपूर्ति बनाए रखने और कीमतों में तेजी के असर को कम करने के लिए दी गई थी। बता दें कि भारत उन देशों में शामिल है जिन्हें इस छूट का लाभ मिला है। रूबियो ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को इसकी उतनी आवश्यकता नहीं है, लेकिन दुनिया की कई अन्य अर्थव्यवस्थाओं को इससे फायदा हुआ है।
अमेरिका ने इसलिए दी थी छूट
ज्ञात रहे कि यूके्रन के खिलाफ युद्ध समाप्त कराने के लिए अमेरिका ने रूस से तेल आयात करने वाले देशों पर उच्च टैरिफ लगा दिया था। भारत भी उन देशों में शामिल था। इसके बाद भारत सहित सभी देशों ने रूस से तेल आयात करना बंद कर दिया। लेकिन फरवरी में अमेरिका ने जब ईरान पर हमला किया तो न केवल ईरान ने पश्चिम एशिया के अन्य देशों पर हमले किए बल्कि होर्मुज जलडमरूमध्य भी पूरी तरह से बंद कर दिया। इसके बाद विश्व के कई देशों विशेषकर एशिया में कच्चे तेल की कमी हो गई। जिसके बाद अमेरिका ने भारत सहित कई अन्य देशों को रूस से कच्चा तेल आयात करने की छूट दे दी। जिसकी समयावधि 17 जून को समाप्त हो रही है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : दोबारा युद्ध की आग में झुलसना शुरू हुआ पश्चिम एशिया


