कहा, युद्ध में परेशानी और बलिदान आम बात, हमें हमेशा सख्त फैसले लेने पड़ते हैं
US-Iran War Update (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और इजरायल के द्वारा ईरान पर हमले लगातार जारी हैं। अमेरिका राष्ट्रपति ने इस युद्ध संबंधी जानकारी देते हुए एक लाइव वीडियो में बताया कि दोनों देशों की संयुक्त कार्रवाई से ईरान के 48 से ज्यादा नेता मारे जा चुके हैं। यह स्टीक और योजनाबद्ध तरीके से हुए हमले से संभव हो सका। वहीं ईरान भी जवाबी हमले कर रहा है।
इन हमलों में कुछ अमेरिकी सैनिकों की मौत होने पर ट्रंप ने कहा कि इस संघर्ष में और भी अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने की संभावना है, इससे पहले कि यह युद्ध खत्म हो। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध में परेशानी और बलिदान आम बात है और इससे देशों को आगे बढ़ने में कठिन फैसले लेने पड़ते हैं।
ट्रंप ने ईरान के लोगों से की अपील
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लोगों से अपने देश को बचाने और शासन को बदलने की अपील की है। यह बयान उस दिन आया जब अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत हुई। ट्रंप ने वीडियो संदेश में कहा कि सभी ईरानी नागरिक जो आजादी चाहते हैं, उन्हें इस मौके का फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें बहादुर और साहसी बनना होगा और अपने देश को फिर से अपने हाथ में लेना होगा। ट्रंप ने भरोसा दिलाया कि अमेरिका उनके साथ है और उनका समर्थन करेगा। उन्होंने ईरानी लोगों से हिम्मत और साहस दिखाने की भी अपील की।
यूएई पर ईरान ने सबसे ज्यादा हमले किए
ईरानी पलटवार का कहर सबसे ज्यादा यूएई पर टूटा है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा, ईरान की तरफ से देश के कई हिस्सों में अब तक 165 बैलिस्टिक मिसाइल, 2 क्रूज मिसाइल और 541 ईरानी ड्रोन से हमला किया गया है। इनमें से 506 को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि 35 देश के इलाके में गिरे, जिससे कुछ नुकसान हुआ। वायुसेना और एयर डिफेंस फोर्स ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया और 8 मिसाइलों को समुद्र में गिरा दिया।


