खाड़ी देशों की अपील पर लिया फैसला : ट्रंप
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच हालात लगातार तनाव भरे बने हुए हैं। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर बताया कि वह दोबारा से ईरान पर बड़े सैन्य हमले मंगलवार से शुरू करने वाले थे। लेकिन ठीक इससे पहले खाड़ी देशों के नेताओं ने अमेरिका से अपील की कि वह इस खतरनाक कार्रवाई को टाल दे। जिसके बाद उन्होंने फैसला लिया कि अभी वे ईरान पर किसी तरह की कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे।
दोनों पक्षों में चल रही गंभीर बातचीत
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि अभी दोनों पक्षों के बीच गंभीर बातचीत चल रही है, इसलिए उन्होंने मंगलवार को ईरान पर होने वाले सैन्य हमले को रोक दिया है। इससे पहले उन्होंने ईरान को खुली चेतावनी दी थी कि अगर कोई समझौता नहीं हुआ, तो कमजोर पड़ चुके युद्धविराम के बाद फिर से भीषण लड़ाई शुरू हो जाएगी। इस योजनाबद्ध हमले के बारे में ज्यादा जानकारी तो नहीं दी गई, लेकिन राष्ट्रपति ने साफ कहा कि उन्होंने अपनी सेना को पूरी तरह तैयार रहने को कहा है।
अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप ने सैन्य अधिकारियों को निर्देश दिया था कि अगर ईरान के साथ कोई स्वीकार करने लायक समझौता नहीं होता है, तो पल भर के नोटिस पर ईरान पर पूरी ताकत के साथ एक बड़ा हमला करने के लिए तैयार रहें। यह बयान दिखाता है कि अमेरिका पूरी तरह से हमले के मूड में था।
हमले का प्लान अचानक क्यों रोका गया
इससे पहले यह किसी को नहीं पता था कि 19 मई (मंगलवार) को ईरान पर हमले की कोई योजना है। सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि उन्होंने यह हमला मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) के अपने सहयोगी देशों की खास गुजारिश पर रोका है। इन सहयोगी देशों में कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बड़े नेता शामिल हैं। इन्हीं देशों के कहने पर फिलहाल हमले का इरादा टाल दिया गया है।
ईरान ने भी दी थी अमेरिका को चेतावनी
ज्ञात रहे कि पिछले दिनों जब ट्रंप ने ईरान को समझौता करने के लिए धमकी दी थी तो ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि अगर अमेरिका के साथ चल रही बातचीत बेनतीजा रही तो ईरान सीधे युद्ध के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया था कि इस टकराव का असर अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जेब पर भी पड़ रहा है।
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर कहा था कि तेहरान हर स्थिति के लिए तैयार है। उन्होंने संकेत दिए थे कि यदि बातचीत से स्वीकार्य नतीजे नहीं निकले तो सैन्य विकल्प भी खुला रहेगा।
ये भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price Update : एक बार फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल


