इस ऐतिहासिक पल का गवाह फ्रांस के पेरिस शहर का वर्साय पैलेस बना
US-Iran Peace Agreement (आज समाज), पेरिस : अमेरिका और ईरान ने आखिरकार शांति समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। हालांकि पहले इस समझौते पर हस्ताक्षर 19 जून शुक्रवार को होने थे। लेकिन एक बार फिर से दोनों देशों ने पूरी दुनिया को चौकाते हुए दो दिन पहले बुधवार को ही समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए। यह समझौता स्विटजरलैंड के जिनेवा में होना था लेकिन अब इस ऐतिहासिक पल का गवाह फ्रांस के पेरिस शहर का वर्साय पैलेस बना। इसी पैलेस में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए अंतरिम समझौते (एमओयू) पर दस्तखत हो गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प ने बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बैठक के दौरान पेरिस के वर्साय पैलेस में इस दस्तावेज पर साइन किए। इसके बाद ईरानी राष्ट्रपति पजशकियान ने भी ईरान से इलेक्ट्रॉनिक तरीके से समझौते पर दस्तखत किए। भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 5 बजे दोनों नेताओं के दस्तखत के तुरंत बाद यह समझौता लागू हो गया।
होर्मुज के पूरी तरह खुलने की राह साफ
समझौते के तहत ईरान में युद्ध समाप्त होगा और लेबनान में भी संघर्ष खत्म करने की बात कही गई है। साथ ही होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने की बात कही गई है। ट्रम्प के मुताबिक, युद्ध खत्म करना, होर्मुज को खोलना और ईरान को परमाणु हथियार से रोकना उनका लक्ष्य था, जो पूरा हो गया है।
जी7 समिट के दौरान अमेरिका ने दी थी चेतावनी
ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने अमेरिका के साथ हुए समझौते का उल्लंघन किया, तो उस पर फिर से बमबारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।


