50 से ज्यादा विधायक खुद को असली तृणमूल बताने की तैयारी में, कहा- चुनाव चिह्न भी हमें मिले
TMC Political Crisis, (आज समाज), कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस टूटने के कगार पर पहुंच चुकी है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के 80 में से 50 से ज्यादा विधायक खुद को असली तृणमूल बताने की तैयारी कर रहे हैं। यह दावा टीएमसी से निकाले गए रिजू दत्ता ने किया है। रिजू ने दावा किया है कि आज ये सभी विधायक विधानसभा स्पीकर के पास जाएंगे और तीन मुद्दे उठाएंगे।
पहला, हम ही असली तृणमूल कांग्रेस हैं। दूसरा, विपक्ष के नेता ऋतब्रत होंगे, न कि शोभनदेव। तीसरा, हमारे पास दो-तिहाई बहुमत है, इसलिए चुनाव चिह्न हमारा होना चाहिए। वहीं, टीएमसी के शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि पार्टी के ज्यादातर विधायक दलबदल की अटकलों के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगे और टीएमसी के पुराने नेता संगठन पर अपना नियंत्रण बनाए रखेंगे।
बंगाल में टीएमसी के 80 विधायक
बंगाल में टीएमसी के 80 विधायक हैं। नए गुट को मान्यता के लिए दो-तिहाई यानी 54 विधायकों की जरूरत होगी। इससे कम विधायक होने पर स्पीकर नए गुट को मान्यता नहीं देंगे। टूट का दावा करने वाले रिजू दत्ता विधायक नहीं हैं।
पार्टी से निकाले गए विधायकों ने की बैठक
इधर, सोमवार को टीएमसी से निकाले गए 2 विधायकों संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी ने कोलकाता के एमएलए हॉस्टल में टीएमसी के कई विधायकों के साथ मीटिंग की। इसमें ममता के कई खास विधायक भी शामिल हुए।
टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे बंद, दागियों को पार्टी में शामिल नहीं करेंगे
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा टीएमसी के लिए हमारे दरवाजे बंद हैं। हमने किसी को बाहर से लाए बिना 207 का आंकड़ा छू लिया। इस बार हमारी राजनीतिक रणनीति जमीनी स्तर से शुरू हुई। हम ऐसे लोगों को अपनी पार्टी में कैसे शामिल कर सकते हैं जो दागी हैं? भाजपा का तृणमूलीकरण कभी नहीं होगा।
कांग्रेस बोली- ममता को अब इंडिया ब्लॉक को मजबूत करने के बारे में सोचना चाहिए
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि ममता ने जो बोया, वही काट रही हैं। असलियत यह है कि उनके पास विरोध करने के लिए लोग ही नहीं हैं। मुझे नहीं लगता टीएमसी आगे जिंदा रह पाएगी। टीएमसी के कार्यकर्ताओं में बहुत असंतोष है। ममता को अब इंडिया ब्लॉक को मजबूत करने के बारे में सोचना चाहिए।
ये भी पढ़ें: पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में ममता ने 2 विधायकों को पार्टी से निकाला


