अभिषेक बनर्जी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता
TMC Protest in West Bengal (आज समाज), कोलकाता : पिछले दिनों आए चुनाव परिणाम में पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। टीएमसी की सरकर आखिर 15 साल बाद सत्ता से बाहर हो गई और पहली बार भाजपा ने प्रदेश में अपनी सरकार बनाई है। चुनाव के दौरान प्रदेश में काफी ज्यादा हिंसा हुई। लेकिन हिंसा की घटनाएं अभी भी रुकने का नाम नहीं ले रहीं।
गत दिवस टीएमसी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे पर उस समय हमला हो गया जब वे चुनाव में हिंसा का शिकार हुए टीएमसी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने गए थे। इसी के विरोध में आज टीएमसी पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी और वर्तमान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।
पुलिस ने पांच आरोपी पकड़े
सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो में देखा गया था। पुलिस ने मामले की जांच के तहत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में भीड़ ने हमला कर दिया था। यह हमला उस समय हुआ, जब वह चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे। हमले होने के बावजूद उन्होंने हिंसा में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्माकर के परिजनों से मुलाकात की। बनर्जी पर भीड़ ने अंडे और पत्थरों से हमला किया था।
अभिषेक की जान जा सकती थी : ममता
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भतीजे अभिषेक पर हुए हमले के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन का एलान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस हमले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने इस आरोप से इनकार किया है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे बताया गया है कि अगर उनके सिर पर हेलमेट नहीं होता, तो उनकी मौत हो सकती थी।” उन्होंने दावा किया कि पत्थरबाजी और मारपीट हमले के कारण अभिषेक को सीने और पसलियों में चोटें आईं। आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी को चिकित्सा उपचार मिलने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : अमेरिका ने ईरान जा रहे समुद्री जहाज पर दागी मिसाइल


