पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के. मुरलीधरन का दावा, मंगलवार रात या बुधवार सुबह होगा सीएम के नाम का ऐलान
Kerala CM Update, (आज समाज), तिरुवनंतपुरम: विधानसभा चुनाव नतीजों के 9 दिन बाद भी केरलम में कांग्रेस सीएम के नाम का ऐलान नहीं कर पाई है। अब सीएम के नाम के ऐलान को लेकर केरलम कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. मुरलीधरन ने दावा किया है कि अगले 24 घंटे में सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। मुरलीधरन का कहना है मंगलवार रात या बुधवार सुबह तक मुख्यमंत्री के नाम सामने आ जाएगा।
उन्होंने यह दावा राहुल गांधी से मिलने के बाद किया। मुरलीधरन ने बताया कि सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर राहुल ने केरल के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों के साथ अगले सीएम के नाम पर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार शाम को बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे हैं। उनके आने के बाद एक और दौर की बातचीत होगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर आखिरी फैसला होगा। गौरतलब है कि 2026 केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को ही आ गए थे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को 140 में से 102 सीटें मिली थीं।
केरलम सीएम के लिए पहली पसंद केसी वेणुगोपाल
4 मई को 5 राज्यों के चुनावों के रिजल्ट आने के बाद बंगाल, असम और तमिलनाडु में नए सीएम की शपथ हो चुकी है। पुडुचेरी में सीएम रंगासामी बुधवार को शपथ लेंगे। केरलम को अपने नए सीएम का इंतजार है।
कांग्रेस आलाकमान ने सोमवार को केरलम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया था। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी की केरलम सीएम के लिए पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं। राहुल ने दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की थी।


