Monsoon Update : आज शाम तक देश में दस्तक दे सकता है मानसून

0
190
Monsoon Update : आज शाम तक देश में दस्तक दे सकता है मानसून
Monsoon Update : आज शाम तक देश में दस्तक दे सकता है मानसून

केरल के तटीय इलाकों तक पहुंचने की संभावना, राज्य में अगले सात दिन भारी बारिश की चेतावनी, उत्तरी भारत में भी आज से बदलेगा मौसम

Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल का दक्षिण पश्चिमी मानसून आज शाम को भारत पहुंच सकता है। हर साल की तरह इस बार भी सबसे पहले यह केरल में तटीय भागों को कवर करेगा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दावा किया है कि मानसूनी हवाएं आज शाम 7 से 8 बजे के बीच केरलम में एंट्री कर सकती हैं। इसके लिए हालात अनुकूल होते जा रहे हैं।

केरलम के अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक में कुछ जगहों पर अगले 7 दिन भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरी भारत में भी आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है जो आने वाले दो-तीन दिन जारी रहेगा।

26 मई को मानसून पहुंचने का था अनुमान

पहले अनुमान था कि मानसून 26 मई को केरलम पहुंचेगा। लेकिन इस तय तारीख से 9 दिन लेट हो गया है। आमतौर पर यह 1 जून को केरलम पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है। आज यदि मानसून केरलम पहुंच जाता है तो अगले चार माह तक चलने वाले मानसून सीजन की विधिवत्त शुरुआत भी हो जाएगी।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों का मौसम

इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में भी मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 4 जून (गुरुवार) के लिए कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

वहीं उत्तराखंड में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Muzaffarpur Hospital Fire : मुजफ्फरपुर में अस्पताल में लगी आग, 20 से ज्यादा हताहत

  • TAGS
  • [post_tags]