The Great Khali: द ग्रेट खली यानी दिलीप सिंह राणा ने अपनी असाधारण कद-काठी, ताकत और जबरदस्त जुझारूपन के दम पर WWE में खास पहचान बनाई. 7 फीट 1 इंच (216 सेंटीमीटर) लंबे खली का वजन अपने करियर के चरम दौर में करीब 347 पाउंड (157 किलोग्राम) बताया जाता है. उनकी विशालकाय कद-काठी को एक्रोमेगली नामक हार्मोनल विकार से जोड़ा जाता है.
इतनी बड़ी कद-काठी के लिए कैसी थी डाइट?
अपने विशाल शरीर को बनाए रखने के लिए खली रोजाना करीब 5,000 से 10,000 कैलोरी तक का भोजन लेते थे. उनके नाश्ते में 10 अंडों की सफेदी, करीब 2 लीटर दूध, ब्रेड और ताजे फल शामिल बताए जाते हैं.
दोपहर के भोजन में लगभग 1 किलोग्राम चिकन के साथ दाल, सब्जियां और 10-12 रोटियां होती थीं. रात के खाने में पनीर, करीब 10 रोटियां, ब्राउन राइस और एक लीटर दूध शामिल रहता था. शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए वह पर्याप्त मात्रा में पानी और ताजे फलों का जूस भी पीते थे.
गरीबी में बीता बचपन
हिमाचल प्रदेश के एक बेहद साधारण परिवार में जन्मे खली के शुरुआती दिन संघर्षों से भरे थे. छह भाई-बहनों वाले परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. रोजी-रोटी के लिए उन्होंने सड़क किनारे पत्थर तोड़ने तक का काम किया और बदले में उन्हें दिनभर की मेहनत के कुछ ही रुपये मिलते थे.
उनके पैर इतने बड़े थे कि स्थानीय दुकानों पर उनके नाप के जूते तक उपलब्ध नहीं होते थे. कई बार उन्हें नंगे पैर रहना पड़ता था, जबकि कस्टम जूते उनके लिए बेहद महंगे थे.
पुलिस की नौकरी ने बदली जिंदगी
खली की जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब पंजाब पुलिस के एक अधिकारी की नजर उनकी असाधारण कद-काठी पर पड़ी. अधिकारी की मदद से उन्हें पुलिस में नौकरी मिली और बाद में बॉडीबिल्डिंग की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला.
2006 में WWE में कदम रखने के बाद खली ने द अंडरटेकर को चुनौती देकर अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया. 2007 में उन्होंने World Heavyweight Championship जीतकर इतिहास रच दिया. वह WWE इतिहास में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनने वाले पहले भारत में जन्मे पहलवान बने. 2021 में उन्हें WWE Hall of Fame में शामिल किया गया.


