US-Iran War Update : ईरान में नागरिक हमलों पर लगे रोक : रूस

0
312
US-Iran War Update : ईरान में नागरिकों पर हमलों पर लगे रोक : रूस
US-Iran War Update : ईरान में नागरिकों पर हमलों पर लगे रोक : रूस

कहा, रूस ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करेगा, जिससे अमेरिका और इस्राइल के सैन्य अभियानों को असंभव बनाया जा सकेगा

US-Iran War Update (आज समाज), मॉस्को : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के बाद पश्चिम एशिया में पूरी तरह से तनाव की स्थिति बनी हुई है। यह युद्ध अब और भी ज्यादा गहराता जा रहा है। एक तरफ जहां कई पश्चिमी देशों ने इस युद्ध में अमेरिका का साथ देने का फैसला किया है तो वहीं रूस ने अमेरिका और इजरायल की इस कार्रवाई का विरोध भी किया है।

एक बयान में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि पश्चिम एशिया में गहराते तनाव के बीच रूस ऐसी परिस्थितियां बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा, जिससे अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई को ‘असंभव’ बनाया जा सके। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि पश्चिम एशिया में ऐसे हमलों पर रोक लगाई जानी चाहिए, जिनसे आम नागरिकों की मौत होती है। लावरोव ने कहा कि नागरिकों और नागरिक ढांचों को नुकसान से बचाना बेहद जरूरी है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वार्ता जारी रखेगा रूस

इस दौरान उन्होंने कहा कि रूस क्षेत्र के देशों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ लगातार बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा, रूस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) और संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई को रोका जा सके। लावरोव ने कहा, रूस ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करेगा, जिससे अमेरिका और इस्राइल के सैन्य अभियानों को असंभव बनाया जा सकेगा।

लावरोव ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए इसके उद्देश्यों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि खुद अमेरिकी नेता भी स्पष्टतौर पर नहीं बता पा रहे हैं कि इन अभियानों का अंतिम लक्ष्य क्या है। उन्होंने दावा किया कि ईरान पर हमलों का एक मकसद फारस की खाड़ी के देशों के बीच और ईरान व उसके अरब पड़ोसियों के बीच विभाजन पैदा करना भी हो सकता है।

भारत और फ्रांस के राष्ट्रप्रमुख ने की फोन पर वार्ता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर पूरी दुनिया पर दिखाई देने लगा है। इसी के चलते भारत सहित कई देशों ने इस तनाव का स्थाई हल निकालने और शांति बहाली पर जोर दिया है। इसी सब के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्टÑपति इमैनुएल मैक्रों के बीच फोन पर बहुत अहम वार्ता हुई। जिसमें दोनों देशों के प्रमुखों ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए हर संभव प्रयास करने पर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

ज्ञात रहे कि यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब फ्रांस ने अपने कुछ सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी विमानों को अस्थायी रूप से तैनात रहने की अनुमति दी है। फ्रांसीसी रक्षा अधिकारियों ने कहा कि यह अनुमति केवल क्षेत्र में सहयोगी देशों की सुरक्षा के समर्थन के लिए दी गई है। उन्होंने साफ किया कि फ्रांस ने यह शर्त रखी है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी हमले के लिए नहीं किया जाएगा। फ्रांस का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना और अपने सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ये भी पढ़ें : PM Modi News : पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहुत जरूरी : मोदी

  • TAGS
  • [post_tags]