Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी राज्यों में कोहरा

0
196
Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी राज्यों में कोहरा
Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी राज्यों में कोहरा

उत्तर भारत के सभी राज्य घने कोहरे और ठंड की चपेट में आए, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में कल हल्की बारिश की संभावना

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पहाड़ी राज्यों में हुए ताजा बर्फबारी से मैदानी राज्यों में कोहरे और ठंड का असर लगातार बना हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए साल का शुभारंभ भी घने कोहरे के साथ होगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते कल यानि एक जनवरी को उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। यदि ऐसा होता है तो यह न केवल फसलों बल्कि दिल्ली में वायु प्रदूषण से जूझ रहे करोड़ों लोगों के लिए भी राहत भरा होगा।

हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड में पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने के चलते वहां पर नया साल मनाने के लिए जुटे लाखों सैलानी खुश हैं। ज्ञात रहे कि इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में लोग नया साल मनाने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं इनमें बड़ी संख्या हिमाचल जाने वाले लोगों की होती है। ताजा बर्फबारी की वजह से सैलानी खुश तो हैं, लेकिन सड़कें प्रभावित हो रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने नए साल की पूर्व संध्या पर विशेष अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा, जो 1 जनवरी तक जारी रह सकता है।

इस तरह रहेगा मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हो रही है, जो नए साल तक जारी रहने की संभावना है। हिमाचल के मनाली, शिमला और ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी ने सफेद चादर बिछा दी है, लेकिन ऊंचाई वाले पास बंद होने का खतरा है। उत्तराखंड में भी घना कोहरा और ठंड का असर है। पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में भी 31 दिसंबर से हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह ठंड और कोहरा जनवरी की शुरूआत तक बना रहेगा। नए साल के जश्न मनाने वालों से अपील है कि यात्रा करते समय सावधानी बरतें, गर्म कपड़े पहनें और मास्क का इस्तेमाल करें। पंजाब में बठिंडा, गुरदासपुर जैसे इलाकों में तापमान 4-6 डिग्री तक गिर गया है, जिससे कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री के आसपास है, लेकिन घने कोहरे और प्रदूषण ने सांस लेना मुश्किल कर दिया है।

ये भी पढ़ें : Jammu-Kashmir News : बारामुला में आतंकी ठिकाना ध्वस्त

  • TAGS
  • [post_tags]