पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बदला मौसम, तापमान में गिरावट
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में शुक्रवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। इससे पहाड़ों राज्यों में जहां तेज बारिश और बर्फबारी हुई। वहीं मैदानी राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। इससे एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को व्याापक नुकसान हुआ है।
जिससे सैकड़ों किसानों के सपनों और मेहनत पर पानी फिर गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आने वाले पांच दिन में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। उत्तर पश्चिम भारत में जहां एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है वहीं एक अन्य सात अप्रैल से सक्रिय होगा। जिससे बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर चलता रहेगा।
इस तरह रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 2 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और दूसरा 7 अप्रैल से सक्रिय होने वाला है। पहले विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिली। दूसरे पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद इसी तरह की मौसम की हलचल दोबारा शुरू होगी और कम से कम 7 अप्रैल तक गर्मी से राहत बनी रहेगी।
पहाड़ी राज्यों में इस तरह रहा मौसम
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और श्रीनगर सहित कई मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार 4-9 अप्रैल तक अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को आॅरेंज अलर्ट के बीच रोहतांग सहित भरमौर, लाहौल और मनाली की चोटियों पर बर्फबारी हुई। भरमौर की ऊपरी चोटियों में सात सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा सहित लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ।
पंजाब-हरियाणा में कई जगह तेज बारिश
पंजाब और हरियाणा में कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट हुई और पारा सामान्य से नीचे पहुंच गया। इन दोनों राज्यों में आज यानी शनिवार को 50-60 किमी रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है, जिसको लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


