Anti Paper Leak Bill in Lok Sabha: संसद में बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- क्या बच्चे आतंकवादी थे, किसने ऑर्डर दिया पैलेट गन चलाने का

0
176

Monsoon Session Paper Leak Discussion: संसद के मानसून सत्र के दौरान एंटी पेपर लीक बिल को लेकर लोकसभा में चर्चा चल रही है। चर्चा के दौरान केरल के वायनाड से कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों द्वारा बल प्रयोग की सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद लोग आतंकवादी नहीं थे। उनपर पैलेट गन चलाया गया। पूरा देश पूछ रहा है कि उन पर बल प्रयोग की इजाजत आपको किसने दी। आप लोगों को युवाओं से डर क्यों लगता है। प्रियंका के बयान के बाद संसद में सत्तापक्ष ने जबरदस्त हंगामा किया।

अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना

वहीं, चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को बचा लिया गया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो चढ़ावा नहीं चढ़ा सके, वे पेपरलीक कैसे बचाएंगे। रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए, जब इमरजेंसी की याद दिलाई तो अखिलेश ने तीखा हमला करते हुए कहा कि तब भी परिवर्तन हुआ था और अब भी होगा। अखिलेश ने कहा कि पढ़ाई से नौकरी तक पर हमले हो रहे हैं। इस पर बीजेपी की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि एंटी पेपर लीक बिल मोदी सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अगर ये सिद्धांत की लड़ाई, तो सिद्धांत सरकार देख बदल कैसे जाता है।

गोगोई ने कहा- केंद्र की नीयत साफ नहीं

इससे पहले, गौरव गोगोई ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या को लेकर सरकार की नीयत स्पष्ट नहीं है और नया संशोधन विधेयक केवल दिखावा है। वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक 2026 छात्रों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गौरव गोगोई का सरकार पर हमला

लोकसभा में बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली में हो रही अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए गंभीर प्रयास नहीं कर रही है। गोगोई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का ध्यान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ज्यादा है, जबकि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक जैसे मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।

जितेंद्र सिंह ने बताया बिल को अहम कदम

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह संशोधन वर्ष 2024 में लाए गए पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट को और मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में अलग-अलग समय पर ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने रेलवे परीक्षाओं में वर्ष 2009 में सामने आए पेपर लीक मामलों का भी उल्लेख किया। जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह कानून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसके तहत सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देना चाहती।

कांग्रेस ने पीएम और गृह मंत्री पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बिल पर चर्चा के दौरान सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विधेयक है, लेकिन चर्चा के समय न प्रधानमंत्री सदन में मौजूद हैं और न ही गृह मंत्री। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर सरकार के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी जरूरी थी। लोकसभा में दोपहर बाद एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा शुरू हुई। सत्ता पक्ष की ओर से एनडीए के कई सांसदों ने विधेयक के समर्थन में अपनी बात रखी। बीजेपी की ओर से बांसुरी स्वराज, तेजस्वी सूर्या, शशांक मणि त्रिपाठी और अनुराग ठाकुर जैसे सांसदों के चर्चा में शामिल होने की जानकारी दी गई। वहीं एनडीए के सहयोगी दलों की ओर से श्रीकांत शिंदे, अरुण भारती, आलोक सुमन, अनुप्रिया पटेल और सायोनी घोष सहित अन्य सांसदों ने भी अपनी राय रखी।

  • TAGS
  • [post_tags]