प्रधानमंत्री आज दो दिवसीय असम दौरे पर होंगे रवाना, 15 मार्च को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे असम का दौरा
PM Modi Assam Visit Live (आज समाज), नई दिल्ली : आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के लोगों को हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे। दरअसल पीएम अपने दो दिवसीय दौरे के लिए आज नई दिल्ली से विशेष विमान द्वारा असम के लिए रवाना होंगे। पीएम मोदी आज और कल यानी 13 व 14 मार्च को असम में रहेंगे। इसके ठीक अगले दिन यानी 15 मार्च को देश के गृह मंत्री अमित शाह इस पूर्व राज्य का एक दिवसीय दौरा करेंगे। तीन दिन में देश के दो शीर्ष नेताओं का असम दौरा अपने आप में काफी अहमियत रखता है।
इस तरह होगा पीएम मोदी का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक प्रधानमंत्री गुवाहाटी, कोकराझार और सिलचर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और बड़ी जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरूआत और शिलान्यास शामिल है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस दौरान चाय बागान के मजदूरों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र देने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि कई परिवार पिछले लगभग 200 वर्षों से जमीन के औपचारिक स्वामित्व का इंतजार कर रहे थे।
इन परियाजनाओं की करेंगे शुरूआत
प्रधानमंत्री 14 मार्च को सिलचर में सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना करीब 22 हजार करोड़ रुपये की बताई जा रही है। इसके अलावा 150 मेगावाट की कॉपिली हाइड्रो पावर परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में बिजली उत्पादन बढ़ेगा और विकास को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री के दौरे का एक अहम हिस्सा चाय बागान मजदूरों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र यानी पट्टा देना होगा। इससे उन परिवारों को जमीन का कानूनी अधिकार मिलेगा जो लंबे समय से इन बागानों में काम कर रहे हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम सामाजिक और आर्थिक रूप से बड़ा बदलाव लाएगा।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : हम अपने शहीदों के खून का बदला लेंगे : खामेनेई


