पीएम मोदी का इटली पहुंचने पर जोरदार स्वागत, इटली की पीएम ने खूबसुरत संदेश के साथ सोशल मीडिया पर साझा की पुरानी तस्वीर
PM Modi Italy Visit (आज समाज), रोम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 15 मई को शुरू हुआ पांच देशों का दौरा अपने अंतिम पड़ाव में हैं। प्रधानमंत्री ने 15 मई को अपने दौरे की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा से की थी। इसके बाद वे स्वीडन, नीदरलैंड और फिर नॉर्वे पहुंचे। इस दौरे के अंतिम पड़ाव में पीएम अब इटली में हैं। पीएम मोदी मंगलवार को इटली पहुंच गए थे। वर्तमान वैश्विक परिवेश की बात करें तो पीएम मोदी का यह दौरा बहुत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान पीएम मोदी ने न केवल इन देशों के साथ राजनीतिक रिश्तों को मजबूत किय बल्कि व्यापारिक रूप से भी पीएम दौरे के दौरान अहम समझौते हुए। जो भविष्य में भारत के लिए लाभदायक सिद्ध होंगी। वहीं इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोम पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त। इसके साथ ही उन्होंने कोलोसियम में दोनों नेताओं की पहले की एक तस्वीर भी साझा की।
रणनीतिक और व्यापारिक रिश्तों में आएगी मजबूती
पीएम मोदी की यह इटली यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और इटली के रिश्तों में तेजी से मजबूती आ रही है। दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। साल 2025 में भारत और इटली के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है।
भारतीय समुदाय ने रोम में पीएम का किया भव्य स्वागत
इससे पहले दिन में पीएम मोदी रोम पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और वहां आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों से बातचीत की और एक बच्चे को आॅटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था।


