PM Modi on West Asia Crisis : पश्चिम एशिया तनाव पर पीएम मोदी ने की सऊदी प्रिंस से बात

0
229
PM Modi on West Asia Crisis : पश्चिम एशिया तनाव पर पीएम मोदी ने की सऊदी प्रिंस से बात
PM Modi on West Asia Crisis : पश्चिम एशिया तनाव पर पीएम मोदी ने की सऊदी प्रिंस से बात

दोनों नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट खुला रखने पर जताई सहमति, पीएम मोदी ने ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की

PM Modi on West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ गत 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध को आज 30 दिन पूरे हो चुके हैं। एक माह बीत जाने के बाद भी ईरान इन दोनों देशों के हमलों का पूरी निडरता के साथ जवाब दे रहा है। इससे पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। इसका नकारात्मक असर पूरे विश्व पर दिखाई देने लगा है। विश्व के सभी बड़े देश और नेता चाहते हैं कि यह युद्ध जल्द खत्म हो और हालात सामान्य बने।

इसी सबके बीच भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर ईरान जंग को लेकर बात की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि होर्मुज स्ट्रेट जैसे समुद्री रास्ते खुले और सुरक्षित रहने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित नहीं होना चाहिए। पीएम मोदी ने ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की।

आज पाकिस्तान में होने जा रही अहम बैठक

आज तुर्किये, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्री पाकिस्तान पहुंचेंगे। यहां वे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात करेंगे। इस्लामाबाद में होने वाली इस बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी। युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बड़ी बैठक मानी जा रही है, जिसमें कई देशों के विदेश मंत्री एक साथ शामिल होंगे।

ईरान के इजरायल और कुवैत पर हमले जारी

ईरान ने एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला शुरू कर दिया है। ईरान से मिसाइलें दागे जाने के बाद, दक्षिणी इजराइल के डिमोना और उसके आस-पास के इलाकों में सायरन बजने लगे हैं। वहीं मिडिल ईस्ट के कुवैत और बहरीन में भी सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं।

ईरान ने अमेरिका-इजरायल पर लगाए आरोप

ईरान की न्यूज एजेंसी के अनुसार, अमेरिका और इजरायल ने पश्चिमी ईरान के खुजेस्तान प्रांत के हफ्तेगल शहर में पानी के एक बड़े सोर्स को निशाना बनाया है। गौरतलब है कि पिछले कई सालों से, ईरान पानी की भारी कमी के संकट का सामना कर रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अब अमेरिका और इजरायल, ईरान के खिलाफ अपनी लड़ाई में इस संकट का फायदा उठाना चाहते हैं।

उनके हमले ऐसे हो सकते हैं जिनसे लाखों-करोड़ों ईरानी साफ पीने के पानी से वंचित हो सकते हैं। खाड़ी देशों द्वारा संचालित 400 से ज्यादा डिसेलिनेशन प्लांट फारस की खाड़ी के तट पर, ईरान के ठीक दूसरी ओर स्थित हैं। ये प्लांट दुनिया के 40% डिसेलिनेटेड पानी का उत्पादन करते हैं और कई देशों में पीने के पानी का एकमात्र स्रोत हैं।

ये भी पढ़ें : West Asia Crisis on Global Market : उम्मीद और डर के बीच झूल रहे वैश्विक बाजार

  • TAGS
  • [post_tags]