Monsoon Session Day 4: संसद में चौथे दिन भी भारी हंगामा, विपक्ष 3 मांगों पर अड़ा, लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

0
154
Monsoon Session Day 4 Parliament latest updates, NEET paper leak debate in Indian Parliament, Opposition protest against Education Minister resignation, Lok Sabha Rajya Sabha adjourned amid protests, student protest police action controversy Delhi, Parliament deadlock over examination system reforms, मानसून सत्र 2026, NEET पेपर लीक, संसद में भारी हंगामा, संसद में विपक्ष का प्रदर्शन
संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन भी विपक्ष ने विरोध-प्रदर्शन किया।

Monsoon Session 2026 News: संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन में हंगामा जारी रहा। NEET पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा है। गुरुवार को भी विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई और दोनों सदनों को स्थगित करना पड़ा। 20 जुलाई 2026 से शुरू हुए मानसून सत्र के पहले तीन दिन भी विपक्षी विरोध के चलते ज्यादा कामकाज नहीं हो सका था। अब चौथे दिन भी संसद में गतिरोध जारी रहने से कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य लंबित हो गए हैं।

विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें क्या हैं?

विपक्षी दल NEET पेपर लीक मामले को लेकर सरकार से तत्काल चर्चा की मांग कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों पर संसद में विस्तृत बहस, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शामिल है। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी हैं और इस मुद्दे पर संसद में गंभीर चर्चा होनी चाहिए। सरकार की ओर से NEET मामले पर चर्चा की पेशकश की गई, लेकिन विपक्ष ने इसे स्वीकार नहीं किया। विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा के नियम 267 और लोकसभा के नियम 56 के तहत तत्काल चर्चा के लिए अन्य सभी कामकाज रोकने की मांग की। कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दोहराया कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा।

संसद में विपक्ष और सत्ता पक्ष का प्रदर्शन

गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार के पास प्रदर्शन किया। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने NEET पेपर लीक और देश में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया। उनका आरोप है कि छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। विपक्ष के प्रदर्शन के जवाब में सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों ने भी संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। NDA सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कल्याण बनर्जी को महिला सांसदों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सदन से सस्पेंड किया गया है।

लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव के नोटिस

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था के संकट पर तत्काल चर्चा की मांग की। वहीं, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी राज्यसभा में इसी तरह का नोटिस दिया। इसमें NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और परीक्षा सुधारों पर चर्चा की मांग की गई। संसद के एजेंडे में गुरुवार को कई महत्वपूर्ण कार्य सूचीबद्ध थे। लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट संसोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित किए जाने का कार्यक्रम था। इसके अलावा प्रश्नकाल और 22 जुलाई से लंबित अन्य विधायी कार्य भी एजेंडे में शामिल थे, लेकिन हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। सभी की नजर है कि आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच कोई सहमति बनती है या संसद में हंगामा जारी रहता है।

  • TAGS
  • [post_tags]