ईरान के राष्ट्रपति ने मिसाइल कार्यक्रम पर किसी भी तरह की रोक या फिर समझौते से किया इंकार
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने और शांति वार्ता शुरू होने के बाद भी तनाव की स्थिति बरकरार है। इसका मुख्य कारण दोनों तरफ से दिए जा रहे बयान हैं। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर से ईरान को धमकी देते हुए सभी तरह की वार्ता बंद करने की बात कही है तो इसी बीच ईरान के राष्ट्रपति ने अपने मिसाइल कार्यक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने साफ कहा कि ईरान का मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका के साथ हुए 14 सूत्रीय समझौते का हिस्सा नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी मिसाइलों को लेकर ऐसा कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमारा मिसाइल सिस्टम हमारी सुरक्षा की बुनियाद है और हम इस बुनियाद को और भी ज्यादा मजबूत करेंगे।
हमारे मिसाइल सिस्टम ने ही हमें खतरनाक युद्ध में बचाया
राष्ट्रपति ने अपने देश के मिसाइल कार्यक्रम का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने कहा कि ये मिसाइलें ईरान की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी हैं। उनके मुताबिक, अगर ईरान के पास ये मिसाइलें नहीं होतीं, तो इस्रायल और अमेरिका अब तक ईरान को पूरी तरह बर्बाद कर चुके होते। उन्होंने मिसाइल क्षमता और अमेरिका के साथ हुए समझौते के बीच किसी भी तरह के जुड़ाव को सिरे से खारिज कर दिया।
वर्तमान में पाकिस्तान दौरे पर हैं ईरानी राष्ट्रपति
पेजेशकियन इन दिनों पाकिस्तान के दौरे पर हैं। वहां वे पाकिस्तानी नेताओं के साथ आपसी संबंधों और क्षेत्र के हालातों पर चर्चा कर रहे हैं। यह बयान स्विट्जरलैंड में हुई तकनीकी बातचीत के खत्म होने के बाद आया है। इस 14 सूत्रीय समझौते का मुख्य उद्देश्य इलाके में जारी तनाव और दुश्मनी को खत्म करना है। पिछले हफ्ते ही अमेरिका ने इस समझौते का आधिकारिक मसौदा सबके सामने रखा था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस समझौते में कई अहम बातें शामिल हैं। इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का प्रावधान है। साथ ही ईरान पर लगी कुछ आर्थिक पाबंदियों को कम करने की बात भी कही गई है। समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भविष्य में तकनीकी बातचीत करने की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
ये भी पढ़ें : Sergio Gor : भारत-अमेरिकी संबंध मजबूत भरोसे पर टिके : सर्जियो गोर


