Monsoon Update Today : मानसून ने पूरे उत्तर भारत को किया कवर

0
787
Monsoon Update Today : मानसून ने पूरे उत्तर भारत को किया कवर
Monsoon Update Today : मानसून ने पूरे उत्तर भारत को किया कवर

अगले 48 घंटे में पहाड़ों के साथ मैदानों में भी भारी बारिश की संभावना

Monsoon Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : दक्षिण पश्चिम मानसून ने पूरे उत्तर भारत को कवर कर लिया है। एक तरफ जहां पिछले दो दिन से पहाड़ों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं मैदानी राज्यों में भी पंजाब से लेकर राजस्थान तक हल्की से मध्यम बारिश हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया है कि आने वाले दो दिन में समूचे उत्तर भारत में मध्यम से लेकर भारी बारिश की संभावना जताई है।

बारिश ने गिराया तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, हरियाणा और पंजाब में रुक-रुक कर बौछारें पड़ीं, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत मिली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी मानसून के पहुंचने के बाद बारिश हुई है, जिससे गर्मी और धूल भरी आंधी से लोगों को राहत मिली है।

हालांकि, आईएमडी ने आने वाले दिनों में राजस्थान के कई पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। पंजाब में बारिश के बाद अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और सबसे अधिक पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस रोपड़ में रिकॉर्ड हुआ। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली एनसीआर में भी बारिश के बाद मिली राहत

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दिल्ली-एनसीआर में दस्तक देने के साथ ही पूरे उत्तर-पश्चिम भारत को जद में ले लिया है। मानसून पहुंचने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार सुबह से हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस से छुटकारा मिला है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मानसून की लाइन तेजी से आगे बढ़ी है। पूरी दिल्ली के साथ ही इसने उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के ज्यादातर भागों को पूरी तरह कवर कर लिया है।

ये भी पढ़ें : Jammu-Kashmir Weather : जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन फटा बादल, भारी तबाही

  • TAGS
  • [post_tags]