Weather Update Today : मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा

0
381
Weather Update Today : मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा
Weather Update Today : मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा

उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में दिन और रात के तापमान में वृद्धि

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल की सर्दी लगभग खत्म हो चुकी है और गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। यहीं कारण है कि पहाड़ों से लेकर मैदानों तक पारा चढ़ने लगा है। एक तरफ जहां हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की ऊंची चोटियों पर बारिश और हल्की बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं इन राज्यों के मैदानी हिस्सों में ठंड कम हो रही है। दूसरी तरफ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित सभी मैदानी राज्यों में तापमान 26 से 28 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में अब किसी तरह के मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि होगी।

इस तरह रहेगा हिमाचल का मौसम

हिमाचल प्रदेश में रविवार को 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। कुल्लू के निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को भी प्रदेश उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है। इसके बाद 28 फरवरी तक अधिकतर क्षेत्रों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

राजस्थान में शुष्क रहेगा मौसम

राजस्थान में मौसम के शुष्क बने रहने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना जताई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में इस सप्ताह मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस को छोड़कर प्रदेश के अधिकतर शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहा।

जम्मू-कश्मीर में पारा सामान्य से ऊपर

जम्मू-कश्मीर में तेज गर्मी पड़ रही है। रविवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 9.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है।

फसलों के लिए सही नहीं तापमान

मैदानी राज्यों विशेषकर पंजाब, हरियाणा, यूपी में इन दिनों दिन में तापमान का 25 डिग्री से पार होना गेहूं की फसल के लिए हानिकारक है। ज्ञात रहे कि गेहूं यहां की प्रमुख फसल है। गर्मी ज्यादा होने से गेहूं का दाना सिकुंड जाता है जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और यह कम हो जाता है।

  • TAGS
  • [post_tags]