Jammu Kashmir: जवानों ने वीडियो कॉल कर कहा- ‘हथियार डाल दे’, लश्कर कमांडर लतीफ भट ने किया इनकार, सुरक्षाबल ने मार गिराया

0
302

श्रीनगर. भारतीय सुरक्षा बल ने सोमवार, 16 नवंबर जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एक बड़ी कामयाबी हासिल की थी. सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया. कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. इस दौरान लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों के घेरे में फंस गया. सुरक्षाबलों ने उससे वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया और आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आकंती के कमांडर को सरेंडर करने कहा गया था. उसने ऐसा करने से मना कर दिया जिसके बाद उसे मार गिराया गया. वीडियो कॉल के दौरान एक अधिकारी ने आतंकी से कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं.’ इस पर लतीफ भट ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है. मैं बहुत खुश हूं.’


बुधवार तड़के इलाके में फिर से गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं. इसके बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के कई गांवों में तलाशी अभियान और घेराबंदी तेज कर दी.

सोमवार को मारा गया था लतीफ का साथी

लतीफ भट का साथी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान मारा गया था. पुलिस ने मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज जारी किया था. इसमें उमर निसार डार और लतीफ भट 11 नवंबर को सीआरपीएफ के एक चेकपोस्ट पर हमले से पहले रेकी करते दिखाई दिए थे. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे. हमले के बाद से ही इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है.

हमले से पहले कई जगहों की थी रेकी

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि स्थानीय निवासी उमर निसार डार ने लतीफ भट के साथ मिलकर हमले से पहले कई जगहों की रेकी की थी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 नवंबर को दोनों ने मीर बाजार, अखरन, हाबलिश और किलम समेत कई स्थानों का दौरा किया था. उनका मकसद सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए संभावित जगहों की पहचान करना और हमले की योजना तैयार करना था. इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों ने अखरन में सीआरपीएफ नाके पर हमला किया और मौके से फरार हो गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और विश्लेषण के बाद दोनों की पहचान की. फुटेज में 10 नवंबर को रेकी के दौरान उनकी गतिविधियां और हमले के बाद भागते हुए उनकी तस्वीरें दर्ज थीं.

5-6 महीने से लतीफ को दे रहा था पनाह

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पता चला कि डार पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को अपने यहां पनाह और दूसरी जरूरी मदद मुहैया करा रहा था.

अनंतनाग में पुलिसकर्मी की हत्या में भी शामिल था लतीफ

पुलिस के अनुसार, स्थानीय आतंकी भर्ती लतीफ भट 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले में भी शामिल था. इस हमले में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई थी. इसके अलावा 1 अगस्त को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के पीछे भी लतीफ भट का हाथ होने की आशंका जताई गई है. फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है.

  • TAGS
  • [post_tags]