
J K Weather, (आज समाज), जम्मू: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में भी मानसून की दस्तक के बाद भारी बारिश के चलते लगातार आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हाल ही में जम्मू क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई थी और अब क्षेत्र के डोडा जिले के ठठरी इलाके में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। इलाके के लोगों के मुताबिक मंगलवार अलसुबह भारी बारिश के बाद अचानक भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर सड़कों व घरों को नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन ने बताया है कि बादल फटने नहीं बल्कि भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा आने से यह घटना हुई है। (J K Weather)
ये भी पढ़ें: Himachal Weather Updates: शिमला व कांगड़ा सहित कई जिलों में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट
लोगों को कुछ संभालने का मौका नहीं मिला
ग्रामीणों ने बताया कि तेज बहाव के साथ अचानक ऊंचे इलाकों से बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानें इतनी रफ्तार से नीचे आर्इं कि अंधेरा होने के कारण लोगों को कुछ संभालने का मौका नहीं मिला। सुबह उठते ही चौतरफा तबाही नजर आ रही थी। घटना में हालांकि जानहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मलबे ने उसके रास्ते में आने वाली सड़कों, वाहनों व घरों को नुकसान पहुंचाया है। (J K Weather)
डोडाो-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
भीषण बाढ़ के चलते ठठरी के पास डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। सूत्रों ने बताया कि सुबह देख तो कई गाड़ियां मिट्टी व पत्थरों के नीचे दबी पड़ी थीं। लोगों ने बताया कि तेज बहाव में कुछ गाड़ियां तो बहकर चिनाब नदी तक पहुंच गई हैं। डोडा-किश्तवाड़ एनएच बंद होने की सूचना के बाद प्रशासन की टीमों ने मलबा हटवाकर सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया।
जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम से करें संपर्क : डीसी
डोडा के डीसी कृष्ण लाल ने बताया कि जिले में भारी बारिश हुई है जिसकी वजह से कई जगह पहाड़ियों से मलबा व पत्थर सड़क पर आ गए। उन्होंने बताया कि सूचना के बाद प्रशासन ने प्रभावित सड़कों को तुरंत साफ करकवार यातायात बहाल करवा दिया है। कृष्ण लाल ने कहा है कि यह घटना बादल फटने की नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। डीसी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और किसी भी तरह के संकट से निपटने के लिए हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की घटना की पुष्टि के लिए जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा है।
ये भी पढ़ें: Maharashtra Rain Havoc: मुंबई में लगातार गिर रहे पेड़, 24 घंटों में 523 घटनाएं

