पिछले 17 दिन से लगातार हमले सह रहा ईरान हार मानने को नहीं है तैयार, अमेरिका और इजरायल के लिए भारी पड़ रहा युद्ध
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और इजरायल ने जब 28 फरवरी को ईरान में बड़ा हमला करते हुए उसके सर्वोच्च नेता खामेनेई सहित कई बड़े नेताओं को पहले ही झटके में मार गिराया था तो दोनों ने सोचा होगा की अब जल्द ही ईरान घुटने टेकने पर मजबूर हो जाएगा। दोनों देशों के हमलों से संभलते हुए ईरानी सेना ने जवाबी हमले किए और युद्ध ज्यादा भड़क गया।
ईरान ने इस दौरान उन खाड़ी देशों पर भी हमले किए जहां पर अमेरिका के सैन्य ठिकाने थे। इसके बाद ईरान ने अमेरिकी और इजरायली सेना को भी लगातार झटके दिए। जिससे युद्ध आज 17वें दिन में खिंच गया है। हालांकि इस दौरान अमेरिका के राष्टÑपति ने कई तरह के बयान दिए हैं। जिनमें उन्होंने ईरानी सैनिकों को सरेंडर करने की चेतावनी भी दी लेकिन ईरानी सेना का मनोबल नहीं टूटा और वह अभी भी अमेरिका को चुनौती दे रही है।
मोजतबा के आने से ईरानी सेना को मिली संजीवनी
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में सत्ता का खालीपन पैदा हुआ, लेकिन वहां किसी बाहरी समर्थित नेता के उभरने की स्थिति नहीं बनी। अमेरिकी विश्लेषकों ने पहले यह संभावना जताई थी कि सत्ता परिवर्तन हो सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बजाय कट्टरपंथी धड़े ने खामेनेई के बेटे मोज्तबा खामेनेई को आगे कर दिया।वही व्यक्ति जिसे ट्रंप सार्वजनिक रूप से नेतृत्व में नहीं देखना चाहते थे। रिपोर्ट के मुताबिक मोज्तबा खामेनेई की सेहत को लेकर भी सवाल उठे हैं। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार सर्वोच्च नेता बनने के बाद उनका पहला संदेश गुरुवार को प्रसारित किया गया, लेकिन इसे टीवी पर पढ़कर सुनाया गया और उनका वीडियो संदेश सामने नहीं आया।
आईआरजीसी की बदले की रणनीति
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) अपने शीर्ष कमांडरों की लगातार हत्याओं का बदला लेने की तैयारी में है। विश्लेषकों का कहना है कि जिस तरह अमेरिकी सैनिक अपने नेतृत्व की हत्या पर प्रतिक्रिया देते, उसी तरह आईआरजीसी भी बदले की भावना से प्रेरित है। महज 13 दिनों में ईरान ने इस संघर्ष को सहनशक्ति की परीक्षा में बदल दिया है और फिलहाल वह इसमें टिके रहने की स्थिति में दिख रहा है।
क्या अमेरिका ने जल्दबाजी में किया ईरान पर हमला
इजरायल की खुफिया जानकारी और डिकैपिटेशन स्ट्राइक भी पूरी तरह सफल होती नहीं दिख रही है। रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस ने संभवत: इजरायली खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने का अवसर देखकर तेजी से सैन्य कार्रवाई का फैसला किया। 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत ने जितनी समस्याएं हल कीं उससे अधिक नई चुनौतियां पैदा कर दीं।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत


