अमेरिकी राष्ट्रपति ने ठुकराया ईरान द्वारा भेजा गया नया शांति प्रस्ताव
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम के बावजूद भी स्थाई शांति के लिए किसी समझौते की संभावना ज्यादा दिखाई नहीं दे रही। एक तरफ जहां ईरान के नेता लगातार पाकिस्तान के दौरे कर रहे हैं। वहीं वे पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को नए शांति प्रस्ताव भी भेज रहे हैं। इसी बीच एक बार फिर से अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों से यह साबित हो रहा है कि वे भी अब इस स्थिति से जल्द बाहर निकलना चाहते हैं।
क्योंकि 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध से अमेरिका को भी काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। इसी बीच ट्रंप का नया बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने ईरान को स्पष्ट कहा है कि ईरान या तो अमेरिका के साथ समझौता कर ले या फिर सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
हमारे पास सभी विकल्प मौजूद
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर द्वारा दी गई ब्रीफिंग के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि विकल्प मौजूद हैं। क्या हम जाकर उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देना चाहते हैं और हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहते हैं? या हम एक समझौता करने की कोशिश करना चाहते हैं। ये विकल्प हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि मानवीय दृष्टिकोण से मैं ऐसा नहीं करना चाहूंगा। लेकिन यह विकल्प है क्या हम भारी बल प्रयोग करके उन्हें खत्म कर देना चाहते हैं या हम कुछ और करना चाहते हैं?
मुझे उनका प्रस्ताव पसंद नहीं
राष्ट्रपति ट्रंप ने चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के नए प्रस्ताव पर असंतोष जताया। उन्होंने इस बात पर भी संदेह जताया है कि क्या कोई अंतिम समझौता हो सकता है। व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे एक सौदा करना चाहते हैं, लेकिन मैं इससे संतुष्ट नहीं हूं, इसलिए हम देखेंगे कि क्या होता है। उन्होंने प्रस्ताव के उन विशिष्ट पहलुओं पर विस्तार से नहीं बताया जो उन्हें अस्वीकार्य लगे, लेकिन तेहरान की अंतत: एक समझौते पर सहमत होने की इच्छाशक्ति पर अनिश्चितता जताई।
ये भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price : जल्द बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमत


