Indian Railway New Records : भारतीय रेलवे ने बनाया कमाई का रिकॉर्ड

0
373
Indian Railway New Records : भारतीय रेलवे ने बनाया कमाई का रिकॉर्ड
Indian Railway New Records : भारतीय रेलवे ने बनाया कमाई का रिकॉर्ड

वित्त वर्ष 2025-26 में यात्री और माल ढुलाई से कमाए 80,000 करोड़ रुपए

Indian Railway New Records (आज समाज), नई दिल्ली : आजादी से पहले से ही रेलवे भारत में यात्रा का सबसे सस्ता, आरामदायक और किफायती साधन माना जाता रहा है। समय के साथ-साथ रेलवे ने अपने ढांचे में परिवर्तन करते हुए खुद को आधुनिक बनाया। यही कारण है कि आज विज्ञान के इस युग में भी देश में सफर और माल ढुलाई के लिए सबसे ज्यादा भरोसा रेलवे पर ही किया जाता है। रेलवे जहां लोगों के इस भरोसे पर खरा उतर रहा है वहीं वह देश के लिए सबसे ज्यादा आय अर्जित करने वाला विभाग भी है। यही कारण है कि भारतीय रेलवे हर साल आय के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। यह रिकॉर्ड भारतीय रेलवे ने बीते वित्त वर्ष यानी 2025-25 में भी स्थापित किए हैं।

बीते साल इतनी रही यात्रियों की संख्या

भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में यात्रियों की संख्या और आय में मजबूत बढ़ोत्तरी दर्ज की है। इस दौरान कुल यात्रियों की संख्या 741 करोड़ पहुंची। जो 2024-25 के 716 करोड़ से 3.54 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, रेलवे की कुल कमाई भी करीब 80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। जो पिछले वर्ष के 75,500 करोड़ रुपये से 5.96 प्रतिशत अधिक है।

माल ढुलाई में भी बनाया नया रिकॉर्ड

रेलवे ने माल ढुलाई में नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्त वर्ष 2025-26 अवधि में रेलवे ने कुल 1670 मिलियन टन माल का परिवहन किया है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.25 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान वैगनों की संख्या में भी 4.56 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। यह आंकड़ा 2024-25 में 2,79,12,271 से बढ़कर 2025-26 में 2,91,86,475 हो गया है। रेलवे का कहना है, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में रेलवे की भूमिका मजबूत हुई है। यह रिकॉर्ड संचालन में सुधार, क्षमता बढ़ने और रेल पर बढ़ते भरोसे को दिखाता है।

सड़कों का भार कम कर रहा रेलवे

इससे रेलवे बड़े पैमाने पर सामान ढोने के लिए पसंदीदा साधन बन रहा है। इससे सड़कों पर भी दबाव भी घट रहा है। इस बढ़ोतरी में उर्वरक (13.49%) और पिग आयरन व स्टील (13.11%) का सबसे ज्यादा योगदान रहा है। इससे साफ है कि खेती के लिए जरूरी सामान की मांग बढ़ रही है। स्टील सेक्टर में भी काम तेजी से बढ़ रहा है। लौह अयस्क ढुलाई 6.74 प्रतिशत बढ़कर 190.12 मिलियन टन और सीमेंट 4.74 प्रतिशत से बढ़कर 157.17 मिलियन टन हो गया। इससे साफ है कि देश में निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम तेजी से चल रहा है। इसमें रेलवे अहम भूमिका निभा रहा है।

ये भी पढ़ें : GST Collection : जीएसटी कलेक्शन से भरी केंद्र सरकार की तिजोरी

 

  • TAGS
  • [post_tags]