कहा, अमेरिकी टैरिफ कम होने का भारत की 1.40 अरब लोगों पर पड़ेगा सकारात्मक परिणाम
PM Modi News (आज समाज), नई दिल्ली : आखिरकार छह माह बाद अमेरिका ने भारत पर लगाए उच्च टैरिफ में कुछ कमी की है। यह कमी अमेरिकी राष्टÑपति द्वारा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर लंबी बातचीत करने के बाद की है। अमेरिका के इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को विशेष लाभ होगा। हालांकि अभी अमेरिका ने मामूली कमी करते हुए टैरिफ 25 से घटाकर 18 प्रतिशत किया है। लेकिन यह दोनों देशों के बीच रिश्तों के दोबारा से सामान्य होने की एक उम्मीद है।
पीएम मोदी ने एक्स पर यह लिखा
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत की और यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अमेरिका ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया है। पीएम मोदी ने ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह घोषणा भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि जब दो बड़े लोकतांत्रिक देश और विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो इसका लाभ आम जनता को मिलता है और द्विपक्षीय सहयोग के लिए नए अवसर खुलते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है और भारत उनके शांति प्रयासों का पूरा समर्थन करता है।
दोनों देश व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाई तक ले जाएंगे
पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि वह ट्रंप के साथ मिलकर भारत-अमेरिका साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। यह कदम दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दिलाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा ‘भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।


