कहा, वेनेजुएला की गैर जरूरी यात्रा से बचें भारतीय नागरिक
US-Venezuela Conflict Update (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका ने गत दिवस वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई करते हुए वहां के राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर लिया। अमेरिका की इस कार्रवाई से जहां वेनेजुएला में हालात बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया है वहीं उत्तर कोरिया ने अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी दे दी है। इन्हीं बदलते हालात के बीच भारत ने शनिवार रात अपने नागरिकों को वेनेजुएला की स्थिति को देखते हुए वहां गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी। मंत्रालय ने यह परामर्श वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा पकड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम के मद्देनजर जारी किया।
वेनेजुएला में मौजूद भारतीयों के लिए यह संदेश जारी किया
विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में मौजूद सभी भारतीयों से भी अत्यधिक सावधानी बरतने और अपनी आवाजाही सीमित रखने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को वहां सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सख्ती से सलाह दी जाती है। बयान में कहा गया, जो भारतीय किसी भी कारण से वेनेजुएला में हैं, उन्हें अत्यधिक सतर्क रहने, अपनी गतिविधियां सीमित रखने और कराकस स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है। मंत्रालय ने भारतीयों से फोन नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) और ईमेल के जरिए दूतावास से संपर्क करने को कहा। वेनेजुएला में लगभग 50 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) और 30 भारतीय मूल के लोग रहते हैं।
वेनेजुएला राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के बाद यह बोले ट्रंप
वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तार करके अमेरिकी सुरक्षा बल वापस अमेरिका पहुंच चुके हैं। इस सैन्य कार्रवाई के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह सैन्य कार्रवाई उन सभी देशों को एक कड़ा संदेश है जो अमेरिका को धमकी दे रहे हैं। मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह आतंकवादियों और अपराधियों को यूएस के खिलाफ बिना सजा के काम करने की इजाजत कभी नहीं देंगे। उन्होंने इस कार्रवाई को बेहद सफल बताते हुए कहा कि यह उन सभी लोगों के लिए संदेश है जो अमेरिकी संप्रभुता को चुनौती देने या अमेरिकी नागरिकों की जान खतरे में डालने की सोच रखते हैं।
ये भी पढ़ें : Kim Jong warns Donald Trump : उत्तर कोरिया नेता किम जोंग ने दी ट्रंप को चेतावनी


