पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान दोनों देशों में कुल 11 समझौते हुए
PM Modi Slovakia Visit (आज समाज), नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी छह दिवसीय यूरोप यात्रा के दौरान सोमवार को स्लोवाकिया में थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के साथ मुलाकात की। इस दौरान स्लोवाकिया पहुंचने पर पीएम मोदी का सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान भारत और स्लोवाकिया ने अपने रिश्तों को एक नई ऊंचाई दी है। दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ में बदल दिया है। विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने एक मीडिया वार्ता में इस यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग को एक नई गति देगी।
आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त कार्य समूह बनाएंगे
इस यात्रा का सबसे बड़ा फैसला आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ना है। भारत और स्लोवाकिया ने आतंकवाद विरोधी सहयोग के लिए एक ‘संयुक्त कार्य समूह’ बनाने पर सहमति जताई है। साथ ही दोनों देशों ने सीमा पर आतंकवाद सहित इसके सभी रूपों की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने पहलागम में हुए आतंकी हमले की भी निंदा की।
दोनों देशों में शुरू होगा कांसुलर संवाद तंत्र
इसके अलावा, दोनों देशों के बीच ‘कांसुलर संवाद तंत्र’ भी शुरू किया जाएगा। स्लोवाकिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (वठरउ) में भारत की स्थायी सदस्यता का भी समर्थन किया है। स्लोवाकिया का मानना है कि सुरक्षा परिषद का विस्तार होना चाहिए और इसमें भारत जैसे देशों को जगह मिलनी चाहिए। साथ ही स्लोवाकिया के पीएम फिको ने भारतीय कारोबारियों को स्लोवाकिया में निवेश करने का खुला न्योता दिया। दोनों नेताओं ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा की। सिबी जॉर्ज ने कहा कि इस समझौते से स्लोवाकिया जैसे यूरोपीय देशों के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूती मिली है।
ये भी पढ़ें : Drone Attack Alert : भारत पर ड्रोन हमले का खतरा, अलर्ट


